Sunni Central Waqf Board Chunav: सदस्यों के आठ पदों के लिए चार मार्च को नामांकन व छह मार्च को मतदान
Sunni Central Waqf Board Chunav प्रदेश सरकार ने जारी की चुनाव की अधिसूचना। आठ सदस्यों के लिए होंगे चुनाव 24 फरवरी तक बनेगी वोटर लिस्ट। आपत्तियां 26 से 28 फरवरी के बीच सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक ली जाएंगी।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। Sunni Central Waqf Board Chunav: हाईकोर्ट की सख्ती के बाद आखिरकार बुधवार को प्रदेश सरकार ने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। सदस्यों के आठ पदों के लिए चार मार्च को नामांकन व छह मार्च को मतदान होगा। गुरुवार से 24 फरवरी के बीच वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी।
अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग के प्रमुख सचिव बीएल मीणा ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना के तहत वोटर लिस्ट का प्रकाशन 25 फरवरी को होगा। इसमें आपत्तियां 26 से 28 फरवरी के बीच सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक ली जाएंगी। वोटर लिस्ट की आपत्तियों का निस्तारण दो मार्च को किया जाएगा। इसके बाद तीन मार्च को फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन होगा।
चुनाव के लिए नामांकन पत्र चार मार्च को दिन में 11 से तीन बजे तक भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच इसी दिन शाम को होगी। नाम वापसी पांच मार्च को दिन में 11 से दो बजे के बीच होगी। इसके बाद चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। छह मार्च को सुबह आठ से चार बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम को मतगणना होगी।
सदस्यों के इन आठ पदों पर होना है चुनाव
- यूपी से सुन्नी समुदाय के दो संसद सदस्य
- सुन्नी समुदाय के दो विधान मंडल सदस्य
- राज्य बार कौंसिल के दो सदस्य
- एक लाख रुपये प्रतिवर्ष की आय वाले वक्फ के दो मुतवल्ली
राज्य सरकार नामित करती है तीन सदस्य: कुल 11 सदस्यीय सुन्नी वक्फ बोर्ड में आठ सदस्यों का चुनाव होता है, जबकि तीन सदस्य सरकार नामित करती है। इनमें एक सदस्य इस्लामिक स्कॉलर, एक समाजसेवी व एक विशेष सचिव स्तर के अधिकारी होता है। यही 11 सदस्य बाद में अध्यक्ष पद के लिए आपस में चुनाव करते हैं।