... और अब 'प्रियंका लाओ, राहुल बचाओ' पर हो रहा है काम
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी का कटाक्ष : भाजपा अवध क्षेत्र की प्रबुद्ध जन प्रकोष्ठ की बैठक में जमकर गरजे।
लखनऊ, (ऋषि मिश्र)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कहा कि जिस तरह से पहले कांग्रेस का नारा था, इंदिरा लाओ देश बचाओ, राजीव लाओ देश बचाओ, फिर ये हुआ सोनिया लाओ कांग्रेस बचाओ और आखिरकार ये नारा प्रियंका लाओ राहुल बचाओ ... में बदलता हुआ नजर आ रहा है। सुधांशु त्रिवेदी भाजपा महानगर की ओर से आयोजित अवध क्षेत्र प्रबुद्ध प्रकोष्ठ की बैठक में शनिवार को विश्वेसरैया हाल में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रियंका का कांग्रेस में प्रवेश उनका पारिवारिक मामला है। उनका परिवार संकट में है। वे भाई और पति को बचाने के लिए आई हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व ठीक नहीं है। किसी को राहुल पर भरोसा नहीं है। कांग्रेस ने तीन राज्यों में चुनाव जीता मगर यूपी के गठबंधन में उनको तीन सीट नहीं दी गईं। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि 2014 का बदलाव व्यवस्था परिवर्तन का था। हमने बदलाव किये। जनधन के 36 करोड़ खाते खुलवाए, पिछली सरकार के मुकाबले ढाई गुनी से ज्यादा सड़क बनाईं। दोगुनी अधिक वृद्धि से रेल ट्रैक बनेे। विद्युत उत्पादन बढ़ाया। 18 हजार गांव में बिजली दी। जीएसटी से टैक्स रिफॉर्म किया। सर्जिकल स्ट्राइक की। कश्मीर के कुछ जिले छोड़ दीजिये तो आतंकी घटनाएं नहीं हुई। नक्सलवाद पर प्रभावी नियन्त्रण किया। 12 गुना अधिक सौर ऊर्जा पैदा की। जल परिवहन शुरू किया। हमारी विदेश नीति में संस्कृति का समावेश किया गया। ढाई तीन करोड़ भारतवंशी दुनिया मे हैं। उनको सम्मान दिया।
उन्होंने कहा कि स्वचछता अभियान ने सोच बदल दी। बेटी बचाओ बेटी बढ़ाओ अब हरियाणा में भी लिंगानुपात में बदलाव आया है। करोड़ों लोगों ने गैस की सब्सिडी छोड़ दी। बिना नाम लिये राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वह कहते हैं कि अब मौका मिला तो दिखा देंगे। वह विश्वेसरैया नहीं बोल पाते हैं। देश का क्या करेंगे। हमको कट्टर हिंदूवादी कहा जाता है। जबकि हम अपने देश की संस्कृति की बात करते हैं। जिसको पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने अनेक उदाहरण गिनाए।
रफाल पर झूठ को प्रचारित कर रहे राहुल
रफाल पर दुष्प्रचार का पता चलता है। राहुल सबको झूठा कह रहे हैं। बस राहुल गांधी सच्चे हैं। यूपीए ने ऑफसेट व्यवस्था शुरू की थी। एक सौदे के बदले विदेशी कंपनी को 30 फीसद भारत से कुछ खरीदना होता है। ऐसा ही हुआ है। बाकी सब दुष्प्रचार किया गया। बोफोर्स और रफाल में बहुत अंतर है। तब बोफोर्स की जांच एजेंसी ने गड़बड़ी पाई थी। तत्कालीन वित्त मंत्री वीपी सिंह ने उस पर आरोप लगाया था।
पूरी मर्यादा के साथ राम मंदिर का निर्माण होगा
रामजन्म भूमि की गैर विवादित भूमि पर निर्माण की इजाजत मांगी गई है। जिससे पता चलता है कि हमारी नीयत क्या है। हमने खोदाई करवाई। हमने भूमि अधिग्रहण करवाया है। राम जन्मभूमि के लिए लगातार न्यायालय का समर्थन मिला है। न्यायालय की प्रक्रिया में विलंब हुआ है। पूरी मर्यादा के साथ भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। कोई चिंता की बात नहीं है।
सब मिल कर बोलेंगे जय श्री राम
उन्होंने नया नारा गढ़ा और कहा कि क्या मुलायम क्या अखिलेश क्या मायावती क्या कांशीराम सब मिलकर बोलेंगे जय श्री राम। कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल वकील का चोला फहनते हैं तब मस्जिद की बात करते हैं। मगर हमारे केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद रामलला विराजमान के वकील हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा अवध क्षेत्र अध्यक्ष सुरेश तिवारी, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव, श्वेता सिंह, राजीव मिश्र, राजेश मिश्र डॉक्टर, आलोक सिंह, कर्नल (अवकाश प्राप्त) हुकुम सिंह बिष्ट, विष्णु त्रिपाठी लंकेश मौजूद रहे।