Move to Jagran APP

योगी सरकार की ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी धरना

कानून व्यवस्था, महिला उत्पीड़न, जेलों में समानान्तर सरकार और अराजकता जैसे मसलों पर कांग्रेस ने योगी सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में प्रदर्शन किया।

By Nawal MishraEdited By: Published: Sat, 21 Jul 2018 05:14 PM (IST)Updated: Sat, 21 Jul 2018 11:59 PM (IST)
योगी सरकार की ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी धरना
योगी सरकार की ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी धरना

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में गिरती कानून व्यवस्था, महिला उत्पीड़न, जेलों में समानान्तर सरकार और बढ़ती अराजकता जैसे मसलों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ आज प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। इस दौरान धरना, जुलूस और नारेबाजी की और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इसके बाद जुलूस की शक्ल में जाकर कांग्रेसियों ने छह सूत्री ज्ञापन जिले के आला अधिकारियों को सौंपा और राष्ट्रपति से संबंधित विभागों और अधिकारियों को दिशा निर्देश देने की मांग की। राजधानी लखनऊ में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर स्वयं धरने पर बैठे। 

loksabha election banner

उल्लेखनीय है कि प्रदर्शन का आह्नान उत्तर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने किया है। कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, बरेली, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद और उसके आसपास के जिलों से कांग्रेस के धरना प्रदर्शन के समाचार मिल रहे हैं। सभी जगह धरना शांतिपूर्ण रहा।

 

बलरामपुर में कांग्रेसियों ने जिलाध्यक्ष अनुज कुमार के नेतृत्व प्रदर्शन किया और कहाकि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। जेल में हत्याएं हो रही हैं। जेल के भीतर समानान्तर सरकार है। घटनाओं को लेकर सरकार उदासीन है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश में गिरती कानून व्यवस्था को लेकर चिंतित है। महिलाओं पर उत्पीडऩ की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। महंगाई बढ़ी है।

हरदोई जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कलेक्ट्रेट में धरना दिया गया। धरना में कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष कुमार ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा सरकारी बनी है तब से कानून व्यवस्था ध्वस्त है। थाने-चौकी भाजपा कार्यालय बन गए है। जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि सरकार में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध चिंताजनक हैं। योगी सरकार में लगातार दलितों पर उत्पीडऩ जारी है। हरदोई कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने गांधी प्रतिमा पर अलग से धरना दिया।

फैजाबाद कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेसजनों ने लोगों से संवाद स्थापित किया और कांग्रेस के शासनकाल के विकास कार्यों के बारे में बताया। कांग्रेसजनों ने भाजपा को वादाखिलाफ बताते हुए कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी आदि का भी जिक्र छेड़ा। 

गोंडा में जुलूस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसियों ने एसडीएम नन्हेंलाल को ज्ञापन सौंपा। रायबरेली, सुल्तानपुर, उन्नाव, सीतापुर, बाराबंकी में कांग्रेस के जिला पदाधिकारियों के नेतृत्व में धरना देकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.