Move to Jagran APP

पितृपक्ष के पहले दिन दीनदयाल के नाम योगी आदित्यनाथ के भावों का तर्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पितृपक्ष के पहले दिन भाजपा के प्रणेता-पूर्वज पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम भावों का तर्पण करते दिखे।

By Nawal MishraEdited By: Published: Tue, 25 Sep 2018 08:05 PM (IST)Updated: Wed, 26 Sep 2018 12:59 PM (IST)
पितृपक्ष के पहले दिन दीनदयाल के नाम योगी आदित्यनाथ के भावों का तर्पण
पितृपक्ष के पहले दिन दीनदयाल के नाम योगी आदित्यनाथ के भावों का तर्पण

लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पितृपक्ष के पहले दिन भाजपा के प्रणेता-पूर्वज पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम भावों का तर्पण करते दिखे। केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं को गांव और गरीब के विकास से जोड़ा। कानपुर देहात के कंचौसी में सजे बड़े भावनात्मक और चुनावी मंच से पूरे आत्मविश्वास के साथ बोले कि 50-60 साल पहले पं. दीनदयाल ने अंत्योदय का जो सिद्धांत दिया था, वह आज मूर्तरूप लेता दिख रहा है। देश के बदलाव को सराहने के साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को सुनहरे भविष्य का सपना भी दिखाया। इससे पहले योगी ने आगरा के भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में राज्यपाल राम नाईक के साथ पं. दीनदयाल की 102वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण भी किया। 

loksabha election banner

सांसद के माता-पिता की प्रतिमाओं का अनावरण 

मुख्यमंत्री भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के साथ औरैया की सीमा से सटे कानपुर देहात के कंचौसी पहुंचे। यहां भी उनके भावों का तर्पण दर्शन सिंह स्मृति महाविद्यालय में सांसद देवेंद्र सिंह भोले के माता-पिता की प्रतिमाओं का अनावरण के रूप में दिखा। इसके बाद जनसभा में योगी ने कहा कि पहले गरीबों के बैंक खाते नहीं होते थे लेकिन, अब हर गरीब का बैंक खाता है और सरकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ उन्हें मिल रहा है। गरीबों को आवास, शौचालय, मुफ्त विद्युत कनेक्शन देकर सरकार ने पं. दीनदयाल के सपनों को ही साकार किया है। मुख्यमंत्री ने केंद्र के साथ ही अपने कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। वहीं, आगरा की सभा में योगी ने कहा कि राष्ट्रवाद की उपेक्षा से अराजकता का खतरा रहता है, इससे विमुख होकर विश्वविद्यालयों में भी अव्यवस्था फैल रही है। पंडित जी के विचारों से प्रेरित होकर समाज के अंतिम पायदान तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने का काम किया जा रहा है। योगी ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि हर गरीब स्वस्थ रहे और परिवेश स्वच्छ बने, इसके लिए योजनाएं शुरू की गई हैं। 

भर्तियां एक परिवार की बपौती बन चुकी थीं

योगी ने कहा कि सरकारी पदों पर होने वाली भर्तियों में गड़बड़ी करने वाले जेल जाएंगे और उनकी संपत्ति सीज की जाएगी। सपा की सरकार में सरकारी पदों पर भर्तियां एक परिवार की बपौती बन चुकी थी। अराजकता और लूटपाट थी जो भाजपा की सरकार बनने पर बंद है। गरीबों मजलूमों व किसानों को सीधे लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि ग्यारह लाख गरीबों को आवास दिए जा चुके हैं। भाजपा की सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया। उपज का समर्थन मूल्य बढ़ाया है। कहा कि सरकारी नौकरी में भर्ती की पारदर्शिता रहेगी।

दीनदयाल के अंत्योदय का सपना साकार

लखनऊ में योगी ने कहा कि पंडित दीनदयाल अन्त्योदय का सपना साकार करने के लिए समर्पित थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में स्थापित किया और उनके सपने को साकार करने के लिए केंद्र की मोदी और राज्य की मेरी सरकार सतत प्रयत्नशील है। पिछले वर्ष उनका जन्म शताब्दी वर्ष मनाया गया और इस वर्ष भी देश-प्रदेश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के निर्णयों और कार्यों के पीछे पंडित जी के चिंतन की प्रेरणा है। इसी कड़ी में मोदी की जन-धन योजना समेत तमाम योजनाएं हैं। योगी ने आयुष्मान भारत तक की योजनाओं की चर्चा की। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.