मुद्दों से ध्यान बंटाने को सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो : मायावती
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि चुनाव को देखते भाजपा सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो जारी करने का हथकंडा अपनाया। यह तो तभी जारी कर सकती थी।
लखनऊ (जेएनएन)। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा है कि भाजपा सरकार ने लोगों का ध्यान मुद्दों से बंटाने के लिए सेना की सर्जिकल स्ट्राइक का वीडियो अब जारी किया है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने यह हथकंडा अपनाया है। यदि वीडियो जारी करना था तो तभी कर देना चाहिए था जबकि सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी। मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आते देखकर भाजपा इस मुद्दे पर घिनौनी राजनीति कर रही है।
बसपा प्रमुख मायावती ने एक बयान जारी कर कहा है कि हमारे देश के बहादुर जवानों ने पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर आतंकवादियों का जिस तरह सफाया किया, इसकी सभी ने तारीफ की। किसी ने भी इस पर संदेह नहीं जताया या इस स्ट्राइक का सुबूत नहीं मांगा। इसका वीडियो उस समय न जारी कर भाजपा सरकार ने अब जारी किया है तो उसकी मंशा स्पष्ट है। भाजपा ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ऐसा किया है। मायावती ने कहा कि जनता इसे अच्छी तरह समझ रही है। इसी प्रकार चुनाव देखकर ही भाजपा को दलितों एवं अन्य पिछड़े वर्गों में जन्मे हमारे महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों की याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एंड कंपनी के लोगों की तरह बीजेपी एंड कंपनी ने भी दलितों और पिछड़ों के विकास व उत्थान की तरफ ध्यान नहीं दिया है, बल्कि हमेशा तिरस्कार ही करते रहे हैं। सब समझ रहे हैं कि चुनाव देखकर ही भाजपा यह सब कर रही है।