Good News : मुंबई, पुणे और नंगलडैम के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
मुंबई से लखनऊ जंक्शन के बीच 27 व 28 जून को चलेगी ट्रेन। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में सेकेंड एसी थर्ड एसी कोच लगाए जाएंगे।
लखनऊ, जेएनएन। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए उत्तर रेलवे प्रशासन ने कई जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये टे्रनें मुंबई, पुणे और नंगलडैम के लिए चलाई जाएंगी। इससे प्रतीक्षा सूची वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए सेकेंड और थर्ड एसी के कोच भी लगाए जाएंगे।
उत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि पुणे से ट्रेन संख्या 01475 सुबह 7:55 बजे चलेगी, जो लखनऊ होते हुए गोरखपुर दूसरे दिन सुबह 4:30 बजे पहुंचेगी। यही ट्रेन 30 जून और 2 जुलाई को गोरखपुर से ट्रेन संख्या 01476 सुबह 7:25 बजे चलेगी, जो लखनऊ होते हुए पुणे दूसरे दिन शाम पांच बजे पहुंचेगी। वहीं, मुंबई से ट्रेन संख्या 0913 सुबह 7:35 से चलेगी जो लखनऊ जंक्शन दूसरे दिन रात 8:40 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन से रात 10:35 बजे चलेगी, जो मुंबई सेंट्रल दूसरे दिन रात 11 बजे पहुंचेगी। लखनऊ से ट्रेन 28 जून को चलेगी और मुंबई से 27 जून को संचालित की जाएगी।
नंगलडैम से ट्रेन संख्या 04502 रात 11:45 बजे चलेगी, जो लखनऊ दूसरे दिन दोपहर 1:50 बजे पहुंचेगी। लखनऊ से ट्रेन रात 9:30 बजे चलेगी, जो नंगलडैम दूसरे दिन दोपहर एक बजे पहुंचेगी। ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए सेकेंड एसी, थर्ड एसी सहित जनरल व स्लीपर श्रेणी के कोच भी लगाए जाएंगे। यह ट्रेन नंगलडैम से 24 जून और लखनऊ से 25 जून को चलेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप