Hathras case: हाथरस की घटना के विरोध में सपा का लखनऊ में प्रदर्शन, रोका गया कैंडल मार्च
Hathras case दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पिछले 15 दिनों से भर्ती भर्ती दुष्कर्म पीडिता की मौत की सूचना के बाद सपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव नगर अध्यक्ष किरण पांडेय के साथ महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
लखनऊ, जेएनएन। हाथरस में युवती के साथ हुई दरिंदगी और उसकी मौत के विरोध में समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतर आयीं। युवती को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल जुलूस निकालने जा रही कार्यकर्ताओ को पार्टी कार्यालय में ही रोक लिया गया। करीब दो घंटे बाद भी जब पुलिस ने कार्यकर्ताओं को सड़क पर निकलने की अनुमति नही दी तो उन्होंने जिला कार्यालय परिसर में ही मोमबत्ती जलाकर युवती को श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पिछले 15 दिनों से भर्ती भर्ती दुष्कर्म पीडिता की मौत की सूचना के बाद सपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव, नगर अध्यक्ष किरण पांडेय के साथ महिला कार्यकर्ता जिला कार्यालय पर एकत्र हुई। शाम करीब 6 बजे जैसे ही कैंडल मार्च हज़रतगंज गांधी प्रतिमा की तरफ कूच किया। पुलिस ने उनको रोक लिया। बहुत देर तक उनको आगे बढ़ने की अनुमति नही मिली।
एमएलसी सुनील सिंह साजन ने दरिंदगी की शिकार युवती को श्रद्धांजलि देने से मना करने और पुलिस बल तैनात करने पर विरोध जताया। महिला प्रकोष्ठ की नगर महासचिव कहकशा सिद्दीकी ने कहा कि राज्य में बेटियां सुरक्षित नही है। बेटियों के सम्मान में बीजेपी मैदान में, सिर्फ चुनावी नारा साबित हुआ। इस मौके पर नगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, जिला अध्यक्ष जय सिंह जयंत, नगर महासचिव सौरभ सिंह यादव, कामिनी पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।