अखिलेश यादव का मुख्यमंत्री पर तंज, बोले- हो सकता दिल्ली वाले इनकी बर्खास्ती या बदली की खबर ले आएं
अखिलेश यादव ने कहा कि जिनसे हार का डर होता है लोग बदहवासी में उनका नाम लेते हैं। जिनको उत्तर प्रदेश में डोमिसाइल देखे बिना लादा गया था जनता उस बोझ को हटा देगी। हो सकता है कल ही दिल्ली वाले इनकी बर्खास्तगी या बदली की खबर लेकर आ जाएं।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जिनसे हार का डर होता है लोग अक्सर बदहवासी में उनका नाम लेते रहते हैं। जिनको उत्तर प्रदेश में डोमिसाइल देखे बिना लादा गया था, जनता उस बोझ को हटा देगी। हो सकता है कल ही दिल्ली वाले इनकी बर्खास्तगी या बदली की खबर लेकर आ जाएं। देखना ये है कि इन्हें पहले कौन हटाता है, इनके अपने या जनता।
जिनसे हार का डर होता है लोग अक्सर बदहवासी में उनका नाम लेते रहते हैं। जिनको उप्र में डॉमिसायल देखे बिना लादा गया था, जनता उस बोझ को हटा देगी। हो सकता है कल ही दिल्लीवाले इनकी बर्ख़ास्तगी या बदली की ख़बर लेकर आ जाएं। देखना ये है कि इन्हें पहले कौन हटाता है, इनके अपने या जनता।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 13, 2021
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अपने पूरे कार्यकाल में भाजपा सरकार राज्य का सत्यानाश करने के बाद भी बाज नहीं आ रही है। वह कुप्रचार के जरिये लोकतंत्र को गुमराह करने का महापाप कर रही है। डबल इंजन की भाजपा सरकार अपराधियों के आगे पूरी तरह बेबस हो चुकी है। बिजनौर में राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी की दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या विचलित करने वाली घटना है। दुष्कर्म के बाद रेलवे ट्रैक पर उसकी लाश फेंकी गई। भाजपा नेताओं और विधायकों का चारों ओर जनता लगातार विरोध कर रही है।
सपा की सामाजिक न्याय यात्रा का तीसरा चरण : पिछड़ी जातियों को पार्टी से जोड़ने के लिए समाजवादी पिछड़ा वर्ग सम्मेलन एवं सामाजिक न्याय के तीसरे चरण की यात्रा मंगलवार 14 सितंबर को शाहजहांपुर से शुरू हो रही है। यह यात्रा समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं एमएलसी डा. राजपाल कश्यप निकाल रहे हैं।उनकी यात्रा 15 को पीलीभीत, 16 को बरेली, 17 को फर्रुखाबाद, 18 को बदायूं, 19 को कन्नौज व रायबरेली पहुंचेगी। सपा की सामाजिक न्याय यात्रा 20 सितंबर, 2021 को ऊंचाहार पहुंचेगी। यहां पूर्व सांसद फूलन देवी की प्रतिमा के अनावरण समारोह में राजपाल कश्यप शामिल होंगे। इससे पहले दो चरणों में 15 से ज्यादा जिलों में सामाजिक न्याय यात्रा निकल चुकी है। इस दौरान यह संदेश देने की कोशिश हो रही है कि समाजवादी पार्टी ही पिछड़ों, दलितों और गरीबों के हित चिंता करती है।
युवजन सभा में दो प्रदेश सचिव नामित : समाजवादी पार्टी ने सोमवार को लखनऊ के सुमित यादव व सीतापुर के विनीत कुमार यादव को समाजवादी युवजन सभा की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव नामित किया है।