सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, कोरोना संक्रमण और अपराध दोनों को रोकने में यूपी सरकार अक्षम
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण और कानून व्यवस्था के संकट से लोग बुरी तरह पीड़ित और आतंकित हैं।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण और कानून व्यवस्था के संकट से लोग बुरी तरह पीड़ित और आतंकित हैं। कोरोना व अपराध दोनों को ही रोकने में सरकार अक्षम है। प्रदेश में दो मंत्रियों की कोरोना से मौत हो चुकी है। विधायक भी इसके शिकार हैं। भाजपा सरकार में अपराधिक घटनाएं भी थम नहीं रही हैं। पुलिस बेगुनाहों व लाचार लोगों पर हाथ उठाने लगी है, क्योंकि बाहुबली नेताओं और गुंडों के आगे वह असहाय बन जाती है। अपराध और शासन के गठजोड़ ने पूरे प्रदेश को बदनाम कर दिया है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि राजधानी लखनऊ में शनिवार और रविवार को 1485 लोगों को संक्रमण हुआ और 25 मरीजों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में रविवार तक कोरोना मरीजों की संख्या 1,54,515 हो गई। कुल 2449 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। इस महामारी से लोगों के दिलों में डर पैदा हो चला है। अस्पतालों में बेड और दवाओं की मारामारी है। फिर भी सरकार का बड़बोलापन जारी है। स्थितियां दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही हैं। सरकार का घटनाओं पर मूकदर्शक बने रहना खतरनाक है।
प्रदेश में कोरोना के विस्तार व प्रकोप को देखते हुए विधानसभा सत्र से पहले सभी जनप्रतिनिधियों के लिए कोरोना से बचाव के समुचित प्रबंध किए जाएं.— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 17, 2020
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण थम नहीं रहा है। स्वयं स्वास्थ्यकर्मी भी उसकी चपेट में आ रहे हैं। जांच रिपोर्टों को लेकर अक्सर विवाद होते हैं। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के इलाज की अभी तक कोई सुचारु व्यवस्था नहीं बन पाई है। प्रदेश में जो हालात हैं, उसमें मुख्यमंत्री तो सिर्फ बयान देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। उनकी टीम-इलेवन का भी अब अतापता नहीं रहता है।