UP Election 2022: अखिलेश यादव बोले- भाजपा नफरत फैलाती है, समाजवादी जो कहते हैं; वही करते हैं
UP Election 2022 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। सपा अध्यक्ष ने कहा है कि समाजवादी सरकार की उपलब्धियां गवाह हैं कि समाजवादी जो कहते हैं वही करते हैं और जो करते हैं वहीं कहते हैं।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार की उपलब्धियां गवाह हैं कि समाजवादी जो कहते हैं, वही करते हैं और जो करते हैं वहीं कहते हैं। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। वह भाजपा को हटाने के लिए संकल्पित है। जनता को भरोसा है कि सपा ही एकमात्र विकल्प है। जनता की आशा-आकांक्षाएं सपा सरकार बनने पर ही पूरी हो सकेंगी।
पार्टी की ओर जारी बयान में उन्होंने कहा कि सपा व भाजपा में बुनियादी फर्क यही है कि समाजवादी नकारात्मक राजनीति नहीं करते, जबकि भाजपा नफरत फैलाती है। समाजवादी प्रगतिशील सोच की पार्टी है, वहीं भाजपा के पास विकास का कोई विजन नहीं है। सपा सरकार के समय जो निर्माण कार्य हुए, बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ उसके आगे भाजपा सरकार ने एक ईंट नहीं रखी। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ।
भाजपा ने जनता की महंगाई से कमर तोड़ने का काम किया है। युवा छात्र-छात्राएं अच्छे से पढ़ाई कर सकें और शिक्षा-रोजगार के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाएं इसके लिए लगभग 20 लाख लैपटाप समाजवादी सरकार में बांटे गए थे। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में इसके वादे किए जो हवाई वादे निकले। महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार चरम पर है। अन्याय, अत्याचार से लोग त्रस्त हैं। भाजपा के अब गिने-चुने दिन रह गए हैं। विधानसभा चुनावों में भाजपा का सफाया होना तय है।