Move to Jagran APP

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा राज में जनसामान्य पर पड़ रही चौतरफा मार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बस्ती में एक दलित बच्ची का अपहरण के बाद दुष्कर्म और फिर हत्या की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। बेटियों की सुरक्षा के नाम पर सिर्फ खोखले दावे किए जा रहे हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 16 Nov 2020 06:14 PM (IST)Updated: Mon, 16 Nov 2020 06:24 PM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा राज में जनसामान्य पर पड़ रही चौतरफा मार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में जनसामान्य पर चौतरफा मार पड़ रही है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में जनसामान्य पर चौतरफा मार पड़ रही है। एक ओर कोरोना का प्रकोप बढ़ रहा हैं। 24 घंटे में इससे 18 मौतें हुईं और 1407 नए केस दर्ज हुए। वहीं, महंगाई की मार से हर कोई परेशान है। भाजपा सरकार बच्चियों के साथ दुष्कर्म और हत्या जैसे अमानवीय अपराधों पर रोक लगाने में अक्षम साबित हुई है। व्यापारी लुट रहे हैं और किसान जान गंवा रहे हैं।

loksabha election banner

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि बस्ती में एक दलित बच्ची का अपहरण के बाद दुष्कर्म और फिर हत्या की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। बेटियों की सुरक्षा के नाम पर सिर्फ खोखले दावे किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री को इसकी जवाबदेही देनी होगी। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जनपदों में व्यापारी लूट, अपहरण और हत्या के शिकार हुए हैं। खुद मुख्यमंत्री के गृह जनपद में लूट और दुष्कर्म के कई मामले सामने आए हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त होना है। भाजपा नेता तो बेलगाम हो गए हैं। औरैया में मौरंग मंडी में चेकिंग के दौरान एसडीएम रमेश यादव पर स्थानीय भाजपा नेता के भाई ने अपने साथियों के साथ जान लेवा हमला किया। कई भाजपा नेता अवैध शराब, देह व्यापार और दूसरी अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं। सत्ताशीर्ष पर बैठे नेता इन्हें बचाते हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का ध्यान प्रशासन पर कम राजनीतिक स्वार्थ साधन पर ज्यादा रहता है। इस कारण प्रशासनिक मशीनरी भी सुस्त रहती हैं। जनता की कठिनाइयों के समाधान में भाजपा की दिलचस्पी नहीं होने से विकास कार्य अवरुद्ध हैं। प्रदेश लगातार प्रगति की दिशा में पिछड़ता जा रहा है। भाजपा सरकार के जनविरोधी कामों से जनता में तीव्र आक्रोश है। जनता का यह आक्रोश 2022 में परिवर्तन पर मुहर लगाएगा।

अखिलेश ने चित्रगुप्त जयंती पर दी बधाई : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को चित्रगुप्त जयंती के अवसर पर भगवान चित्रगुप्त के चित्र पर माल्यार्पण कर कायस्थ समाज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त ही मनुष्यों के पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखते हैं। आज भाईदूज के दिन चित्रगुप्त जयंती पर कलम-दवात की पूजा का भी विधान है। यह वह दिन है जब भगवान चित्रगुप्त जी का उद्भव ब्रह्मा जी के द्वारा हुआ था। कई कायस्थ राजवंश सत्ता में भी रहे हैं। इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, दीपक रंजन, नीरज सक्सेना, संतोष श्रीवास्तव व अमित सक्सेना आदि मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.