Move to Jagran APP

अखिलेश यादव ने डॉ. कफील की रिहाई पर जताई खुशी, कहा- उम्मीद है आजम खां को भी मिलेगा इंसाफ

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा डॉ. कफील खान की रिहाई के आदेश का देश और प्रदेश के हम सभी इंसाफ पसंद लोगों ने सहर्ष स्वागत किया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 02 Sep 2020 01:02 PM (IST)Updated: Wed, 02 Sep 2020 06:09 PM (IST)
अखिलेश यादव ने डॉ. कफील की रिहाई पर जताई खुशी, कहा- उम्मीद है आजम खां को भी मिलेगा इंसाफ
अखिलेश यादव ने डॉ. कफील की रिहाई पर जताई खुशी, कहा- उम्मीद है आजम खां को भी मिलेगा इंसाफ

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत मथुरा जेल में बंद डॉ. कफील खान की रिहाई पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई है कि उन्हीं की तरह झूठे मुकदमों में फंसाए गए वरिष्ठ समाजवादी पार्टी के नेता व सांसद आजम खां को भी जल्द इंसाफ मिलेगा। अखिलेश यादव ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि सत्ताधारियों का अन्याय और अत्याचार हमेशा नहीं चलता है।

loksabha election banner

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा डॉ. कफील खान की रिहाई के आदेश का देश और प्रदेश के हम सभी इंसाफ पसंद लोगों ने सहर्ष स्वागत किया है। उम्मीद है झूठे मुकदमों में फंसाये गए आजम खान को भी शीघ्र ही न्याय मिलेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरते  हुए कहा कि सत्ताधारियों का अन्याय और अत्याचार हमेशा नहीं चलता है।

बता दें कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लेक्चरर डॉ. कफील खान को मंगलवार मध्य रात्रि मथुरा जेल से रिहा कर दिया गया। मथुरा जेल रिहाई के बाद डॉ. कफील ने कहा कि सभी का धन्यवाद, जिन्होंने मेरा साथ दिया। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट ने आदेश में लिखा है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ड्रामा करके एक झूठा और बेबुनियाद केस बनाया, जिसके तहत मुझे आठ महीने तक जेल में प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन उन्हें रिहा करने को तैयार नहीं था, लेकिन लोगों की दुआ की वजह से वह रिहा हुए हैं। उन्हें आशंका है कि सरकार फिर किसी मामले में फंसा सकती है।

यह है पूरा मामला : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में 12 दिसंबर, 2019 को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध प्रदर्शन में डॉ. कफील खान, योगेंद्र यादव भी शामिल हुए थे। आरोप है कि डॉ. कफील खान ने इस दौरान भड़काऊ भाषण दिया था। इसके मद्देनजर अलीगढ़ के सिविल लाइंस थाना में एफआईआर दर्ज की गई। 29 जनवरी, 2020 को उन्हें गिरफ्तार करके मथुरा जेल भेज दिया गया। 10 फरवरी को सीजेएम अलीगढ़ ने डॉ. कफील की जमानत अर्जी मंजूर कर ली लेकिन, 13 फरवरी को जिलाधिकारी अलीगढ़ ने रासुका के तहत निरुद्धि का आदेश दे दिया। डॉ. कफील की मां ने रासुका की वैधता को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। हाई कोर्ट के आदेश के बाद वह करीब साढ़े सात महीने बाद मथुरा जेल से छूटे।

भाजपा सरकार के वश में नहीं रह गया शासन-प्रशासन : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के वश में अब उत्तर प्रदेश का शासन-प्रशासन नहीं रह गया है। अखिलेश ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि सरकार जितना बता रही है कोरोना संक्रमण के आंकड़े उससे ज्यादा ही दिख रहे हैं। इतने प्रयत्नों और प्रोटोकाल के बाद भी कोरोना मंत्रियों, सांसदों, विधायकों तक को अपना शिकार बना रहा है। इधर, रोजाना अपराध का ग्राफ बढ़ता ही दिखाई देता है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि छलकपट के साथ सोशल मीडिया पर भाजपा के इशारे पर अफवाह और नफरत फैलाने का व्यापार पुराना है।

उत्तर प्रदेश हत्या प्रदेश बन गया : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता की भूख में भाजपाई किसी हद तक जा सकते हैं फिर चाहे इसका परिणाम समाज में सद्भावना पर ही आघात कर दे। फर्जी-ट्वीट को वायरल कर भाजपा ने सत्ता के झूठे नशे में एक शर्मनाक और कलंकित करने वाला काम किया है।  खुद मुख्यमंत्री के गृह जनपद में अपराधों पर नियंत्रण नहीं है। वहां बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं रह गई है। एक मानसिक रूप से कमजोर युवती को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की अमानवीय घटना ने तमाम सरकारी दावों-वादों की पोल खोल दी है। प्रदेश हत्या प्रदेश बन गया है। पूरे देश में इसकी बदनामी है। समाजवादी सरकार में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में विकास कार्य हो रहे थे। भाजपा राज में विकास ठप हो गए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.