सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का ऐलान- अन्नदाता से अन्याय के विरुद्ध जारी रहेगा सड़क से सदन तक संघर्ष
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर रोक लगाकर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। भाजपा सरकार चाहे जितना दमन और अत्याचार कर ले अन्नदाता से अन्याय पर समाजवादियों का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन पर रोक लगाकर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चाहे जितना दमन और अत्याचार कर ले, अन्नदाता से अन्याय पर समाजवादियों का संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। प्रदेश में जब समाजवादी सरकार बनेगी तो किसानों के माफिक जनहित के कदम उठाए जाएंगे। किसानों को पूरा सम्मान व सुरक्षा मिलेगी।
सोमवार को समाजवादी पार्टी ने किसानों के समर्थन में जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया। कई जिलों में सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। कुछ स्थानों पर लाठीचार्ज भी हुआ। कासगंज में बैलगाड़ी और भदोही व बुलंदशहर में ट्रैक्टर भी प्रदर्शन में शामिल हुए। राजधानी लखनऊ में जिला व महानगर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जब जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट की ओर जाने लगे तो पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
नेता विरोधी दल रामगोविन्द चौधरी ने घर पर पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने का विरोध करते हुए किसानों के समर्थन में लखनऊ में गौतमपल्ली स्थित आवास के बाहर धरना दिया। सीतापुर में एमएलसी आनन्द भदौरिया, पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी सहित अन्य की गिरफ्तारी हुई। बाराबंकी में एमएलसी राजेश यादव, सुरेश यादव व गौरव रावत गिरफ्तार हुए। पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप को घर में ही नजरबंद कर दिया गया।