सपा नेता शैलेंद्र अग्रवाल आगरा से एटा जेल स्थानांतरित
पुलिसवालों के साथ ही अन्य लोगों के साथ करोड़ों की ठगी करने वाला जालसाज सपा नेता शैलेंद्र अग्रवाल को अब आगरा से एटा जेल भेजा गया है। आगरा जिला के साथ पुलिस प्रशासन पर शैलेंद्र को जेल में सुविधा मुहैया कराने का आरोप था।
लखनऊ। पुलिसवालों के साथ ही अन्य लोगों के साथ करोड़ों की ठगी करने वाला जालसाज सपा नेता शैलेंद्र अग्रवाल को अब आगरा से एटा जेल भेजा गया है। आगरा जिला के साथ पुलिस प्रशासन पर शैलेंद्र को जेल में सुविधा मुहैया कराने का आरोप था।
जालसाजी के आरोपी सपा नेता शैलेंद्र अग्रवाल का जेल में वीआइपी ट्रीटमेंट की शिकायतों के बाद कल शाम प्रशासनिक आधार पर एटा जेल स्थानांतरण हो गया। कल शाम को शैलेंद्र को एटा जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही हेमनदास के हत्यारोपी प्रांजल के भाई चेतन और प्रवीन को भी स्थानांतरित किया गया है।
डीजीपी बनकर दारोगा को हड़काने के आरोप में सलाखों के पीछे पहुंचे सपा नेता शैलेंद्र अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी के 38 मुकदमे दर्ज हैं। जेल से दीवानी तक शैलेंद्र को वीआइपी ट्रीटमेंट मिल रहा था। डीआइजी जेल के निरीक्षण में यह सामने आ गया था। दीवानी कोर्ट में पीडि़तों ने शैलेंद्र की पिटाई भी कर दी थी। शिकायतें मिलने पर एसएसपी राजेश डी मोदक ने जिलाधिकारी को शैलेंद्र के एटा जेल भेजने की रिपोर्ट दी। जिलाधिकारी पंकज कुमार ने आदेश दिया। जिला जेल के अधीक्षक संतलाल यादव ने बताया शैलेंद्र अग्रवाल, प्रवीन और चेतन को प्रशासनिक आधार पर एटा जेल भेजा गया है।