सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने में माहिर है भाजपा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा प्रधानमंत्री अपनी वैश्विक छवि के प्रति सचेत रहते हैं किंतु किसानों के मामले में उन्हें देश की वैश्विक छवि की चिंता नहीं। अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए वे कृषि कानूनों के मुद्दे को खींच रहे हैं ताकि किसान पस्त हो जाएं।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जनहित के बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने और उन्हें गुमराह करने में भाजपा को विशेषज्ञता प्राप्त है। देशभर में किसान आंदोलित और आक्रोशित हैं। वे लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी दो ही मांगे हैं, एक एमएसपी की अनिवार्यता हो और दूसरी तीनों काले कृषि कानून वापस लिए जाएं। तीन महीने से भारतीय जनता पार्टी की सरकार इस पर टालमटोल कर रही है। भाजपा सरकार किसानों के इस आंदोलन को आतंकवादी, खालिस्तानी विशेषणों से नवाज रही है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री अपनी वैश्विक छवि के प्रति बहुत सचेत रहते हैं किंतु किसानों के मामले में उन्हें देश की वैश्विक छवि खराब होने की भी चिंता नहीं है। अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए वे कृषि कानूनों के मुद्दे को लगातार लंबा खींच रहे हैं, ताकि किसान पस्त हो जाएं। भाजपा सरकार की मंशा उत्तर प्रदेश के चुनावों तक कृषि कानूनों के मुद्दे को जिंदा रखने की है ताकि वह विपक्ष पर लांछन लगाने की अपनी रणनीति में सफल हो सके।
भाजपा सरकार को देश की वैश्विक छवि ख़राब होने की भी चिंता नहीं है और हमारा मानना है कि वो अपने पूँजीपति मित्रों के फ़ायदे के लिए कृषि क़ानूनों के मुद्दे को उप्र के चुनाव आने तक खींचने का कुचक्र रचेगी।
लेकिन इस बार किसान गुमराह नहीं होंगे और भाजपा को हरा के, हटा के ही दम लेंगे। pic.twitter.com/dFzNpJcKkh— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 8, 2021
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार के एजेंडे में देश के आर्थिक और सामाजिक विकास की कोई ठोस संकल्पना ही नहीं है। जनता को भ्रमित करने में ही भाजपा दिनरात लगी रहती है। समाज को बांटने और नफरत फैलाने में उसकी शक्ति लगती है। इन्हीं सब साजिशों और झूठ तथा अफवाहों के सहारे वह अपने राजनीतिक स्वार्थ साधती है। देश में लोकतंत्र को सर्वाधिक क्षति भाजपा के आचरण से मिल रही है।