सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा सरकार के दावे सीले पटाखों की तरह, किसान-नौजवान मायूस
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसान और नौजवान भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते गहरी मायूसी में हैं। इनकी दीवाली काली हो गई है। इतने बुरे हालात पहले कभी नहीं रहे। सरकार के तमाम दावे सीले पटाखों की तरह फुस्स हो गए हैं।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसान और नौजवान भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते गहरी मायूसी में हैं। इनकी दीवाली काली हो गई है। इतने बुरे हालात पहले कभी नहीं रहे। सरकार के तमाम दावे सीले पटाखों की तरह फुस्स हो गए हैं। गरीब की कहीं सुनवाई नहीं है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बिकने के बजाय बिचौलियों और आढ़तियों की भेंट चढ़ गया। करीब 20 लाख गन्ना किसानों का मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल की चीनी मिलों पर पिछले पेराई सत्र का 3,343 करोड़ रुपये बकाया है। प्रदेश में गन्ना किसानों का लगभग 10 हजार करोड़ रुपये बकाया है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री तक के संसदीय क्षेत्र में धान खरीद के हालात अच्छे नहीं हैं। वहां 40 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य था, लेकिन अभी तक सिर्फ 670 मीट्रिक टन धान ही खरीदा जा सका है।
जब ‘नौजवानों की आवाज़’ पर भी मुक़दमा चलाया जाएगा,
समझो आ गया है वक़्त वो जब हुक्मरानों को बदला जाएगा।— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 13, 2020
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि धान बेचने आ रहे किसानों को बाद में आने को कहा जा रहा है। उनको धान बेचने के लिए 2021 का टोकन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वल्र्ड इकोनॉमी फोरम के ताजा सर्वे के अनुसार देश में अगले 12 महीनों में 57 फीसदी लोगों की नौकरियां जाने की आशंका है। देश के इतिहास में पहली बार भयंकर मंदी आने का अंदेशा है।