यूपी परिवहन निगम की 'टपकती बस' पर सपा व कांग्रेस ने सरकार को घेरा, मंत्री ने दिए जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बारिश के दौरान टपकती बस का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बारिश के दौरान टपकती बस का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। गोरखपुर डिपो की बस में यात्री छाता खोलकर बैठे हैं। यात्रियों ने मंगलवार को वीडियो वायरल किया है, जिसमें वह बारिश में यात्रा कर रही हैं। बस में बारिश का पानी तेजी से गिर रहा है। परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस बस का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है कि ''...ये है भाजपा सरकार में 'छत-फाड़ विकास' का नमूना, भाजपा के राज में बस की छत के नीचे छतरी, विकास की बारिश में भीगे यात्री, भीगे गठरी!'
ये है भाजपा सरकार में ‘छत-फाड़ विकास’ का नमूना… भाजपा के राज में बस की छत के नीचे छतरी विकास की बारिश में भीगे यात्री, भीगे गठरी!#नहीं_चाहिए_भाजपा pic.twitter.com/g2mAIhxWhp
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 26, 2021
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया व ललितेश पति त्रिपाठी ने भी इस वीडियो को ट्वीट कर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। पीएल पुनिया ने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 'योगी जी ! उत्तर प्रदेश का विकास छत से टपक रहा है।' वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने भी ट्वीट किया, '...प्रदेश में सरकार का इंजन तो डबल हो गया, लेकिन उसका खामियाजा लोगों को छत गंवा कर भुगतना पड़ रहा है। परिवहन निगम की गोरखपुर से सोनौली जाने वाले बस का हाल यह बताने को काफी है कि डबल इंजन सरकार जरूरत पड़ने पर कितनी खोखली हो सकती है।'
उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने टपकती बस के संबंध में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए इस तरह के मुद्दे उठा रहा है। मशीनरी कभी भी खराब हो सकती है, जिसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाता है।