गोरखपुर से कानपुर जा रही रोडवेज बस लखनऊ में दुर्घटनाग्रस्त, खड़े डंपर से टकराई; छह यात्री घायल
लखनऊ के विभूति खंड में गुरुवार सुबह सुधा पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़ी डंपर से रोडवेज बस की टक्कर हो गई। हादसे में छह यात्री घायल हो गए। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस गोरखपुर से कानपुर जा रही थी।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। राजधानी में तड़के एक रोडवेज बस की भीषण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विभूति खंड में गुरुवार की सुबह चार बजे करीब सुधा पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खड़ी डंपर से रोडवेज बस की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में छह यात्री घायल हो गए। आनन फानन सभी घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस गोरखपुर से कानपुर जा रही थी। एसीपी विभूतिखंड अनूप सिंह के मुताबिक डंपर खराब अवस्था में पेट्रोल पंप के सामने खड़ी था। रोडवेज बस में कुल 31 सवारी थी।
चारों ओर मची चीख पुकार: विभूति खंड के सुधा पेट्रोल पंप के पास गोरखपुर से कानपुर जा रही रोडवेज एक डंपर से टकरा गई। अंधेरा होने की वजह से ड्राइवर डंपर को समझ नहीं पाया और बस उसमें पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। शोरगुल सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे बढ़े और पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से निकाला गया। हादसे में बस के कंडक्टर को भी काफी चोट आई है। यात्रियों ने बताया कि अचानक से तेज आवाज हुई। इससे पहले कि वे कुछ भी समझ पाते चीख पुकार मच गई। वहीं पुलिस ने कई यात्रियों को अन्य साधन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। वहीं, कंडक्टर समेत छह यात्रियों का इलाज चल रहा है। घायलों के घरवालों को पुलिस ने सूचना दे दी है।
ये हुए घायल
घायलों में मूलरूप से संतकबीरनगर के श्रीनगर मेहदावल निवासी विशाल व राज मन, शक्कर मिल कलुआ थाना रायपुरवा, कानपुर के रहने वाले उमेश कुमार, बस के कंडक्टर तिलकार पुर थाना हसंवर अंबेडकर नगर के रहने वाले विपिन कुमार पाठक, बड़हलगंज गोरखपुर के रहने वाले सुरेश यादव और गोरखनाथ गोरखपुर के राहुल चौहान शामिल हैं। हादसे में घायलों के परिवारीजनों को पुलिस सूचना भेज रही है।