लखीमपुर में बहन और दो सगे भाइयों ने लगाई फांसी, कुछ दिन पहले हुई थी मां की मौत
इसमें पवन और प्रीति का शव आंगन में पड़े जाल से और गगन का शव पंखे से लटकता मिला।
लखीमपुर, जेएनएन। शहर शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई शहर के मोहल्ला शांति नगर में दो सगे भाइयों और उनकी बहन ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे मुहल्ले में सनसनी फैल गई है।
शांतिनगर निवासी आदित्येश्वर अवस्थी के पुत्र गगन (37), पवन (35) व पुत्री प्रीती (32) ने शुक्रवार देर शाम घर में ही फांसी लगा ली। इसमें पवन और प्रीति का शव आंगन में पड़े जाल से और गगन का शव पंखे से लटकता मिला। इन तीनों के पिता आदित्येश्वर रिटायर्ड कृषि विभाग कर्मी हैं। रात 9:00 बजे वह घर आए तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर सीओ सिटी विजय आनंद समेत कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। आदित्येश्वर की पत्नी मालती का अभी कुछ दिन पहले ही देहांत हुआ था। अब उनके बच्चों ने आत्महत्या क्यों कर ली, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। सीओ सिटी ने बताया की मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई का पता लगाया जाएगा।
बीमारी से हुई थी मां की मौत
इन तीनों मृतकों की मां का देहांत कुछ महीने पहले बीमारी के चलते हो गया था। यह तीनों बच्चे अविवाहित थे और घर पर ही रहते थे। मुहल्ले वालों से इनका ज्यादा मेलजोल भी नहीं था। परिवार एकाकी रहता था। इन लोगों ने साल भर के भीतर ही यह मकान शांति नगर मुहल्ले में बनाया था, जिससे मुहल्ले के लोगों को इनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।