Ajit Singh Murder Case: आरोपित शूटर ने भी लखनऊ में किया सरेंडर, घोषित था 25 हजार का इनाम
आरोपित शूटर अंकुर ने सीजेएम कोर्ट में आठ फरवरी को ही आत्मसमर्पण करने की अर्जी डाली थी। पुलिस को इस बात की जानकारी थी कि अंकुर सरेंडर करने वाला है। बावजूद इसके पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। शुक्रवार सुबह आरोपित ने सीजेएम सुशील कुमारी के कोर्ट में आत्मसमर्पण किया।
लखनऊ, जेएनएन। अजीत सिंह हत्याकांड में आरोपित शूटर शिवेंद्र उर्फ अंकुर ने भी शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपित पर 25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस अंकुर की तलाश में दबिश देने का दावा कर रही थी, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसके बाद रणनीति के तहत उसने पुलिस को चकमा देते हुए सरेंडर कर दिया।
खास बात यह है कि अंकुर ने सीजेएम कोर्ट में आठ फरवरी को ही आत्मसमर्पण करने की अर्जी डाली थी। पुलिस को इस बात की जानकारी थी कि अंकुर सरेंडर करने वाला है। बावजूद इसके पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। शुक्रवार सुबह आरोपित ने सीजेएम सुशील कुमारी के कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने अंकुर को 18 मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गौरतलब है कि छह जनवरी को अंकुर अपने साथी बंधन के साथ आजमगढ़ से लाल रंग की गाड़ी से लखनऊ आया था।
आरोपित वारदात के दौरान घटना स्थल पर मौजूद था। पुलिस का दावा है कि अंकुर ने साथियों के साथ मिलकर अजीत सिंह पर गोलियां बरसाई थीं। बंधन ने आजमगढ़ में न्यायालय में सरेंडर कर दिया था, जबकि अंकुर लगातार फरार चल रहा था। अभी इस मामले में शूटर रवि यादव, राजेश तोमर और मुस्तफा को लखनऊ पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। राजेश तोमर गोलीबारी के दौरान घायल हो गया था, जिसके बारे में भी पुलिस के पास कोई ठोस जानकारी नहीं है।