शिवपाल यादव की पार्टी को मिला 'चाबी' चुनाव निशान
चुनाव आयोग ने शिवपाल सिंह यादव की पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) को चाबी चुनाव चिन्ह दिया है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी से बगावत करके प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) गठित करने वाले पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव को आयोग ने 'चाबी' चुनाव चिन्ह दिया है। चुनाव निशान मिलते ही अन्य दलों से गठजोड़ की संभावना टटोलने का काम भी तेज हो गया है।
शिवपाल रविवार को कांग्रेस से मिल कर चुनाव लड़ने का संकेत दे चुके हैं। सपा व बसपा मेल को ठगबंधन करार देते हुए उन्होंने आरोप लगाया था कि यह गठबंधन पैसों के लिए किया गया है। कांग्रेस को धर्मनिरपेक्ष पार्टी बताते हुए समान विचार वाले अन्य स्थानीय दलों को भी साथ लेने के संकेत भी दिए हैं। भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए धर्मनिरपेक्ष दलों से गठबंधन करने को वह तैयार हैं।
बहुजन मुक्ति पार्टी जैसी अनेक पार्टियां शिवपाल के संपर्क में हैं। राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में बने 43 दलों व संगठनों के साथ भी शिवपाल यादव की नजदीकी बढ़ी है। गत नौ दिसंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान में आयोजित महारैली में भी उक्त संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय का कहना है कि प्रदेश में मजबूत विकल्प तैयार करने का प्रयास हो रहा है।
सूत्रों का कहना है कि सपा-बसपा का साथ नहीं मिलने के बाद कांग्रेस नेतृत्व भी लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन बनाने की तैयारी में है। रालोद व अपना दल जैसी पार्टियों को भी साथ लेने के प्रयास जारी हैं।