Move to Jagran APP

यूपी विधानसभा के 404 सदस्यों में से अब सात स्थान रिक्त, दो सप्ताह में दो कैबिनेट मंत्रियों का निधन

उत्तर प्रदेश विधानसभा के कुल 404 सदस्यों में से सात के स्थान रिक्त होने से अब सदन का कुल संख्याबल घटकर 397 रह गया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 17 Aug 2020 12:04 AM (IST)Updated: Mon, 17 Aug 2020 05:40 PM (IST)
यूपी विधानसभा के 404 सदस्यों में से अब सात स्थान रिक्त, दो सप्ताह में दो कैबिनेट मंत्रियों का निधन
यूपी विधानसभा के 404 सदस्यों में से अब सात स्थान रिक्त, दो सप्ताह में दो कैबिनेट मंत्रियों का निधन

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधानसभा के कुल 404 सदस्यों (एक नामित सदस्य सहित) में से सात के स्थान रिक्त होने से अब सदन का कुल संख्याबल घटकर 397 रह गया है। अहम बात है कि सदस्यों के निधन के कारण रिक्त हुए स्थानों में दो कैबिनेट मंत्रियों की सीटें भी शामिल हैं। दोनों मंत्रियों कमल रानी वरुण और चेतन चौहान का निधन कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण दो सप्ताह के भीतर हुआ है।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश विधानसभा में रिक्त हुए सात विधानसभा क्षेत्रों में फीरोजाबाद जिले में टूंडला, उन्नाव में बांगरमऊ, रामपुर में स्वार, बुलंदशहर जिले में बुलंदशहर सदर, जौनपुर में मल्हनी, कानपुर नगर में घाटमपुर और अमरोहा में नौगांवा सादात सीट शामिल हैं। इनमें टूंडला भाजपा के एसपी बघेल द्वारा त्यागपत्र देने से, जबकि बांगरमऊ व स्वार सीटें कोर्ट के हस्तक्षेप से रिक्त हुईं। इनके अलावा मल्हनी, बुलंदशहर, घाटमपुर व नौगावां सादात निर्वाचित विधायकों के निधन से रिक्त हुई हैं।

सदन में दलवार विधायकों की संख्या : रविवार को सदन में दलवार विधायकों की संख्या इस प्रकार है। भारतीय जनता पार्टी-305, समाजवादी पार्टी-48, बसपा-18, अपना दल सोनेलाल-9, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस-सात, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी-चार, राष्ट्रीय लोकदल-एक, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल-एक, निदर्लीय-तीन व एक सदस्य नामित।

कुलदीप सिंह सेंगर अयोग्य घोषित : उन्नाव जिले की बांगरमऊ विधानसभा सीट से वर्ष 2017 का चुनाव जीते भाजपा के कुलदीप सिंह सेंगर इस समय जेल में हैं। चुनाव आयोग ने कुलदीप सिंह सेंगर को अयोग्य घोषित कर दिया है। हाल ही में विधान सभा सचिवालय ने सेंगर की विधान सभा सदस्यता खत्म कर दी है। यह सीट 20 दिसंबर, 2019 से रिक्त घोषित की गई है।

अब्दुल्ला आजम की भी सदस्यता खत्म : रामपुर की स्वार सीट से वर्ष 2017 के चुनाव में सपा के अब्दुल्ला आजम चुनाव जीते थे मगर जन्मतिथि के दो-दो प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में फर्जीवाड़ा साबित होने के बाद अब्दुल्ला आजम, उनके पिता आजम खां और मां तजीन फातिमा को सजा सुनाई गई है। अब्दुल्ला की भी सदस्यता खत्म कर दी गई है। यह सीट 16 दिसंबर 2019 से रिक्त घोषित की गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.