कलेक्ट्रेट पर सपाइयों का प्रदर्शन, किसानों व स्कूल की फीस समेत कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
लखनऊ में कलेक्ट्रैट ऑफिस पर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड से जुड़े कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन सौंपा मांग पत्र।
लखनऊ, जेएनएन। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड से जुड़े कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने कई सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सपाइयों ने विरोध स्वरूप प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। पदाधिकारियों ने राज्यपाल से संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा और चेतावनी दी कि अगर छह सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय न किया गया तो सपाई सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को विवश होंगे।
यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की गलत नीतियों एवं फैसलों के कारण किसान बेहाल हो गया है, महंगी शिक्षा से अभिभावक टूट गए हैं, निजीकरण में भ्रष्टाचार की बू आने लगी है और आरक्षण में कटौती करके हर वर्ग के साथ अन्याय किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक देश में करीब 10,281 किसानों ने आत्महत्या की है। न्यूनतम समर्थन मूल्य, ऋण माफी, मुफ्त सिंचाई जैसे वायदे आज भी अधूरे हैं। कोरोना काल में भी अभिभावकों से फीस वसूली जा रही है। यही नहीं 45 सालों में सबसे अधिक बेराेजगारी वर्तमान में आई है।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने काे लेकर बैठक
समाजवादी पार्टी लखनऊ महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित ने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी माह वोटर लिस्ट पुनरीक्षण शुरू हाे रहा है। इसलिए सभी पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में वोटरों का नाम जुड़वाने के लिए काम करे। महानगर महासचिव सौरभ सिंह ने कहा कि जो दावें व आपत्ति लिखित रूप से जिला निर्वाचन अधिकारी को दें, जिससे वह निस्तारित हो सके। पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के संबंध में बूथ कमेटियों के गठन के लिए निर्देशित किया। बैठक में पूर्व विधायक रविदास मेहरोत्रा, मो. रेहान, अनुराग भदौरिया, विजय सिंह यादव, महानगर उपाध्यक्ष नवीन धवन बंटी सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।