UP Zila Panchayat Result 2021: खराब प्रदर्शन वाले जिलों के नेताओं पर समाजवादी पार्टी चलाएगी चाबुक
UP Zila Panchayat Result 2021 समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मिली करारी हार की समीक्षा करेगी। खराब प्रदर्शन वाले जिलों के नेताओं पर अब पार्टी का चाबुक चलेगा। समाजवादी पार्टी ऐसे नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाएगी जिन्होंने पार्टी के साथ धोखा किया है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मिली करारी हार की समीक्षा करेगी। खराब प्रदर्शन वाले जिलों के नेताओं पर अब पार्टी का चाबुक चलेगा। समाजवादी पार्टी ऐसे नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाएगी जिन्होंने पार्टी के साथ धोखा किया है। साथ ही वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी नए सिरे से संगठन को धार देगी।
समाजवादी पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष की केवल पांच सीटें संत कबीर नगर, आजमगढ़, बलिया, एटा व इटावा ही जीत सकी है। भाजपा की आंधी में भी इन पांच जिलों में सपा की साइकिल सरपट दौड़ी और विजय पताका फहरा सकी। समाजवादी पार्टी के लिए सबसे अधिक चौकाने वाली बात यह है कि उसके जिला पंचायत सदस्य सबसे अधिक जीते थे किंतु अध्यक्ष के चुनाव में वह बुरी तरह हार गई।
कई जिलों में तो पार्टी को उतने भी मत नहीं मिले जितने उसके जिला पंचायत सदस्य जीते थे। यहां पार्टी को अपनों से धोखा मिला है। पार्टी ऐसे सदस्यों को चिह्नित करवाने जा रही है। साथ ही देखा जाएगा कि ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं जिनके कारण उनके नेताओं ने पार्टी के साथ दगा किया है। जल्द ही ऐसे नेताओं व कार्यकर्ताओं पर पार्टी कार्रवाई करेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में नामांकन न करा पाने वाले 11 जिलाध्यक्षों को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही हटाकर अपने सख्त रवैये का संदेश दे चुके हैं। समाजवादी पार्टी अपने संबद्ध संगठनों में भी उन नेताओं को चिह्नित करने जा रही है जो इस चुनाव में निष्क्रिय रहे हैं। इन सभी को जल्द ही पार्टी बाहर का रास्ता दिखाएगी।
यह भी पढ़ें : यूपी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में शानदार जीत ने 'मिशन-2022' के लिए बढ़ाया भाजपा का मनोबल
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी हावी रहे बाहुबली
यह भी पढ़ें : UP Zila Panchayat Election Result 2021: अपना मोर्चा मजबूत कर विरोधी खेमे में भाजपा की बड़ी सेंध