सपा संरक्षक मुलायम सिंह की तबीयत बिगड़ी, पीजीआइ में हुए भर्ती Lucknow News
सांस लेने में तकलीफ होनेे पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को पीजीआइ लखनऊ में भर्ती कराया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत बुधवार को अचानक खराब हो गई। सांस लेने में तकलीफ होने की वजह से उनको एसजीपीजीआइ में भर्ती कराया गया। ईएनटी और पल्मोनरी विभाग में उनका इलाज चल रहा है। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मौजूद थे।
मुलायम सिंह यादव पीजीआइ के इआरएस टू में भर्ती हैं। शाम साढ़े छह बजे उनका अल्ट्रासाउंड हुआ। गैस्ट्रो विभाग के डॉ. समीर महेंद्र भी उन्हें देख रहे हैं। देर शाम उनको एंडोस्कॉपी रूम में शिफ्ट किया गया, जहां उनकी एंडोस्कॉपी व सीटी स्कैन किया गया, जो नार्मल है।
निदेशक प्रो. राकेश कपूर व सीएसएस प्रो. अमित अग्रवाल ने बताया कि मुलायम सिंह यादव के पेट में दर्द हो रहा था और उनको खांसी आ रही थी। थोड़ा सा ब्लड आया था। उनकी सारी जांचें कराने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
इससे पहले गत 25 जून को मुलायम को तबियत खराब होने के चलते लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया था। दरअसल, मुलायम सिंह को बढ़ते शुगर लेवल की शिकायत थी। उनका अचानक शुगर लेवल बढ़ जाने के कारण उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा था। गौरतलब है कि लोकसभा में शपथ लेने के दौरान भी मुलायम सिंह व्हीलचेयर पर ही पहुंचे थे और तय समय से पहले ही शपथ ली थी। वहीं वहीं जून में भी तबियत बिगड़ने पर उन्हें लोहिया अस्पताल में भी भर्ती किया गया था।