Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan: दीयों की बिक्री ने दीपावली का रिकॉर्ड तोड़ा, चार लाख से ज्यादा की खरीदारी
Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan 80 पैसा से लेकर एक रुपया तक बिकी दियाली।
लखनऊ, जेएनएन। Ayodhya Ram Mandir Bhumi Pujan: पीएम मोदी के श्रीराममंदिर के भूमि पूजन के बाद बुधवार को दीपावली पर्व से पहले ही शहरवासियों ने एक और दीपावली मनाई। घर-घर दिये जलाए गए। शहरवासियों ने घरों को सजाने के लिए जमकर दियों की खरीदारी की। दीपावली पर्व पर बमुश्किल एक से डेढ़ लाख तक बिक पाने वाले दियों ने बीते चार दिनों में बिक्री का रिकॉर्ड बनाते हुए चार लाख का आंकड़ा पार किया। लोगों ने मिट्टी के दिये और छोटी दियाली की जमकर खरीदारी की। बुधवार की शाम तक दीयों के खरीदार दुकानों पर जुटे रहे। कोई 21 तो कोई 51और 101 दिये फुटकर में लेकर जा रहा था तो कोई हजार-हजार की बोरियां।
दीयों खरीदने को महिलाओं की भीड़
उल्लास इस कदर था कि महिलाएं तक भारी संख्या में दीये खरीदती दिखीं। दियों की खरीदारी करने आईं ज्योति मिश्र, पुष्पांजलि द्विवेदी, मधु अपने को खुशनसीब मानते हुए कहती हैं कि इससे बड़ा पर्व क्या हो सकता है कि वह अपने सामने भव्य मंदिर बनते देख रही हैं।
शहर के हर क्षेत्र में घर हजारों दिया
दीयों और मिट्टी के बर्तनों का थोक कारोबारी राजेंद्र कुमार कहते हैं कि चार दिन में चार लाख से अधिक दियों की बिक्री हुई है। शहर के हर क्षेत्र से दीया खरीदने वाले आ रहे हैं। रानीगंज, चौक, ठाकुरगंज, रकाबगंज, नादानमहल रोड, डालीगंज, यहियागंज, ऐशबाग, रामनगर, शास्त्रीनगर, कुंडरी रकाबगंज समेत सभी क्षेत्रों के लोग 1100 से लेकर 5100 तक दियाली ले गए हैं। ऐशबाग क्षेत्र के सौरभ के मुताबिक इस बार दीपावली का रिकार्ड टूट गया है।
इस रेट पर बिका दिया
- फुटकर-80 पैसे से लेकर एक रुपया प्रति दिया
- थोक-पांच से छह सौ रुपया प्रति हजार
घी और तेल की बिक्री में इजाफा
घी और सरसों के तेल की बिक्री ने भी 15 से बीस फीसद की बढ़त ली। ऐशबाग में ऑयल मिल और फुटकर घी और तेल का कारोबार करने वाले व्यवसायी ब्रज मोहन का कहना है कि लोगों ने तेल और घी अन्य महीनों की तुलना में बढ़ाकर खरीदा है। आज बिक्री में दस से 15 फीसद की बढ़ोत्तरी हुई है। देशी घी 460 और सरसों का तेल 130 रुपये किलो रोज के दाम में ही बेचा गया है। मशकगंज के चंद्रसेन गुप्ता का कहना है कि घी और तेल की बिक्री में इजाफा हुआ।