साध्वी प्राची बोलींं, लखनऊ की मस्जिद में हवन करके कायम करूंगी भाईचारा, लव जेहाद हिंदुओं पर कुठाराघात
साध्वी ने कहा कि मैं लखनऊ की मस्जिद में बैठकर हवन करना चाहती हूं ताकि हिंदुस्तान के अंदर भाईचारा कायम रहे। लव जेहाद को समाज के साथ ही हिंदुओं पर कुठाराघात बताया।उन्होंने मदरसों में दी जाने वाली शिक्षा पर सवाल उठाए और कहाकि यहां अरब देशों से पैसा आता है।
लखनऊ, जेएनएन। अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी की अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी प्राची ने शनिवार को संगठन के जनजागरण अभियान को लेकर राजधानी आई थीं। गुडंबा में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला के निमंत्रण पर आईं साध्वी ने कहा कि मैं लखनऊ की मस्जिद में बैठकर हवन करना चाहती हूं ताकि हिंदुस्तान के अंदर भाईचारा कायम रहे। साध्वी ने लव जेहाद को समाज के साथ ही हिंदुओं पर कुठाराघात बताया।
उन्होंने मदरसों में दी जाने वाली शिक्षा पर सवाल उठाए और कहाकि यहां अरब देशों से पैसा आता है। इसकी जांच भी सरकार को करनी चाहिए। साध्वी ने मंदिर में नमाज पढ़ने के मामले को भी षड्यंत्र बताया और इसकी भी जांच की मांग की। प्राची ने कहा कि हमारे मंदिरों को अपवित्र करने का षड्यंत्र चल रहा है। भाईचारा गैंग हिंदुस्तान के अंदर सक्रिय है जो सामाजिक समरसता कायम करने का काम कर रहे हैं।
स्थाना दिवस पर होंगे आयोजन
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि एक दिसंबर को संगठन का स्थापना दिवस है। इसी सिलसिले में वह राजधानी आई थीं। हिंदू को जागरूक करने के लिए बनाए गए संगठन का हर कार्यकर्ता मथुरा में मंदिर में पढ़ी नमाज का विरोध करता है। साध्वी ने लव जेहाद को एक समुदाय विशेष का षडयंत्र बताया और इसे रोकने के लिए सख्त कानून की हिमायत भी। हर प्रदेश में संगठन के कार्यकर्ता हिंदुओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए कार्य कर रहे हैं। स्थापना दिवस पर वृहद आयोजन हर जिले में होगा। इसकी रणनीति पर भी चर्चा की गई।