RSS प्रमुख मोहन भागवत ने स्वयं सेवकों से कहा-किसानों व श्रमिकों में जागृत करें आत्मनिर्भरता का भाव
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने लखनऊ में अवध प्रांत की कार्यकारिणी के सदस्यों की बैठक में संघ से जुड़े कार्यों की जानकारी लेने के अलावा आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की।
लखनऊ, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा है कि आरएसएस पर्यावरण जागरूकता के साथ किसानों व श्रमिकों में आत्मनिर्भरता का भाव जागृत करने का अभियान भी चलाएगा। रविवार को राजधानी लखनऊ में अपने दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन भागवत ने अवध प्रांत की कार्यकारिणी के सदस्यों व प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक में संघ से जुड़े कार्यों की जानकारी लेने के अलावा आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। कोरोना संक्रमण काल में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों के बारे में भी जानकारी हासिल की।
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अतिरिक्त समाज में कई सामाजिक संगठनों, मठ, मंदिरों, गुरुद्वारों ने भी सेवा कार्य किये हैं। इस दौरान एक बहुत बड़ी सज्जन शक्ति समाज में उभर कर सामने आई है। संघ के स्वयंसेवकों को ऐसी सज्जन शक्ति से संपर्क करके प्रवासी मजदूरों के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की दृष्टि से भी काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में श्रमिकों के तथा ग्रामीण क्षेत्र में किसानों के लिए कार्य करके उनके अंदर आत्मनिर्भरता का भाव जागृत करना चाहिए।
सर संघचालक ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए प्रत्येक स्वयंसेवक को इस अभियान में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेड़ों के संरक्षण, पानी का दुरुपयोग रोकने और प्लास्टिक से निर्मित वस्तुओं का कम से कम प्रयोग करने के लिए समाज जागरण की आवश्यकता है। स्वयंसेवक इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सामान्य जन मानस को भी इसमें जोड़ने की जरूरत है। उनका कहना था कि आत्मनिर्भर भारत निर्माण के लिए आमजन में भी यह भाव भरना होगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के उपायों का पालन करते हुए स्वयंसेवकों को व्यापक स्तर पर जागरुकता अभियान चलाना है। इसके लिए सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों का प्रयोग भी असरदार तरीके से किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री से पौन घंटा मुलाकात : सर संघचालक मोहन भागवत से मिलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरोजिनीनगर स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। शाम करीब छह बजे से दोनों के बीच लगभग पौन घंटा अकेले में वार्ता हुई। सूत्रों का कहना है कि विभिन्न विषयों पर चर्चा के बीच आगामी दिनों में चलने वाले संघ के अभियान पर विमर्श हुआ।