Robbery in Sitapur: असलहों से लैस बदमाशों ने चार घरों में डाली डकैती, विरोध करने पर युवक को पीटा; महिला का हाथ तोड़ा
असलहों से लैस बदमाशों ने लहरपुर कस्बे में देर रात सशस्त्र बदमाशों ने चार घरों में जमकर लूटपाट की करीब 20 लाख का पार कर दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। दो अन्य घरों को भी निशाना बनाया लेकिन वारदात को अंजाम न दे सके।
सीतापुर, संवाद सूत्र। असलहों से लैस बदमाशों ने लहरपुर कस्बे में देर रात सशस्त्र बदमाशों ने चार घरों में जमकर लूटपाट की करीब 20 लाख का पार कर दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। दो अन्य घरों को भी निशाना बनाया, लेकिन वारदात को अंजाम न दे सके। पुलिस अब जांच में जुटी है। बदमाशों की पिटाई से एक महिला का हाथ टूट गया, तीन अन्य लोग भी घायल हुए।
मुहल्ला टांडा सलार निवासी रामेश्वरदास, रविवार को अपने रिश्तेदार के घर हरगांव गए थे। घर पर कोई नहीं था। रात करीब दो बजे बदमाश मेन गेट का ताला तोड़कर उनके घर में घुस गए। 15 हजार की नकदी व जेवर सहित करीब 15 लाख की लूट कर ली। रामेश्वर के बाद बदमाशों ने देवी प्रसाद के घर धावा बोला। बदमाश बाहर से दरवाजा तोड़ रहे थे और शोर सुनकर जगे घर के सदस्य अंदर से दरवाजे को धक्का देकर बचा रहे थे। इसी दौरान घर का सदस्य सुखदेव बाहर निकला और शोर मचाया तो गली के मोड़ पर खड़े बदमाशों ने उसे घेर लिया और पीटने लगे। सुखदेव की मां कुंती भी पहुंच गई, बदमाश उनके कान का बाला नोचकर भाग गए। पिटाई से कुंती का हाथ भी टूट गया।
मचा शोर, तो बदमाश पहुंच गए दूसरी ओर: दो घरों में लूटपाट की जानकारी पर मुहल्ले में शोर मच गया। इस बीच बदमाश शाहकुलीपुर मुहल्ले के अनीस के घर पहुंच गए। अनीस के घर वारदात को अंजाम न दे पाने के बाद बदमाश पूर्व सभासद आलम के घर घुस गए। आलम के पिता शौकत, चाची, उनकी बेटी व बेटे को बंदूक के बल पर बंधक बना लिया। चाची के जेवर उतरवा लिए। घर में आहट सुनकर आलम व उनकी पत्नी शन्नो ने शोर मचाया तो बदमाश भाग निकले।
आरती ने खोला दरवाजा, घु़स गए बदमाश: मुहल्ले में शोर सुनकर रामपाल की पत्नी ने दरवाजा खोला तो बदमाश उनके घर घुस गए। आरती व रामपाल की पिटाई की और 18 हजार नकदी, जेवर व अन्य सामान लूट ले गए। बाद में बदमाशों ने शफीक के घर को भी निशाना बनाया।
आधे घर, तो आधे डकैत रहते गली में: पूर्व सभासद आलम के पिता को बंधक बनाने के दौरान उनके घर में घुसे बदमाशों की संख्या 6 से 7 बताई गई। वहीं सुखदेव की पिटाई के दौरान बदमाशों की संख्या करीब 15 थी।
सीओ लहरपुर राजू कुमार साव ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। बदमाशों की संख्या तो अधिक बताई जा रही है। पड़ताल के बाद ही स्पष्ट होगा कि चोरी है या डकैती।