लखनऊ, जेएनएन : विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में व्यापारियों पर दर्ज हुए मुकदमे वापस होंगे। अमीनाबाद की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए यातायात कर्मियों की तैनाती कराई जाएगी। पार्किंग समेत व्यापारियों की तमाम मांगों पर ठोस पहल करते हुए विधि मंत्री ने अधिकारियों से वार्ता कर उन्हें आश्वस्त किया। वे शुक्रवार को आवास पर पहुंचे व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल से मुखातिब थे।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल व लखनऊ कपड़ा व्यापार मंडल के पदाधिकारी शुक्रवार को विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर मिले। व्यापारियों ने उन्हें चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें लॉकडाउन उल्लंघन के नाम पर प्रदेश के व्यापारियों पर दर्ज की गई एफआइआर को निष्प्रभावी करने की मांग की गई। मांग पत्र में अमीनाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु किए जाने के लिए सिपाहियों की तैनाती, बाज़ार में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने और छह हजार से ज्यादा व्यापारियों वाले अमीनाबाद बाजार में पाìकग की विकराल समस्या को देखते हुए दो बड़ी पार्किंग बनाने की बात रखी गई। व्यापारियों की मांग है कि त्योहार के समय में यहां 50,000 से ज्यादा लोग रोज खरीदारी करने आते हैं। इसे देखते हुए ग्राहकों व कारोबारियों की गाड़ियों के लिए पार्किंग व्यवस्था जरूरी है।
विधि मंत्री ने प्रमुख सचिव न्याय को लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने को कहा। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को फोन करअमीनाबाद में स्ट्रीट लाईट तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। यातायात कर्मियों की तैनाती के लिए अमीनाबाद के प्रमुख चौराहों पर यातायात सिपाही लगाने के लिए पाठक ने पुलिस कमिश्नर से वार्ता कर व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। व्यापारियों ने बताया कि इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लखनऊ के सासद एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भी ज्ञापन दिया है। प्रतिनिधि मंडल में अनिल बजाज, अशोक मोतियानी, श्याम कृश्नानी, सुरेश छबलानी, सुशील गुरनानी, संजय जसवानी, रतन मेघानी मनोज केसरवानी, पुनीत लाल चंदानी, घनश्याम दास समेत कई व्यापारी शामिल रहे।
लखनऊ में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
डाउनलोड करें हमारी नई एप और पायें
अपने शहर से जुड़ी हर जरुरी खबर!