UP Coronavirus Update : उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 1.65 लाख नमूनों की जांच, 5,234 नए पॉजिटिव केस मिले
UP Coronavirus Update उत्तर प्रदेश में लगातार छठे दिन नए मिले मरीजों के मुकाबले ज्यादा रोगियों के स्वस्थ होने से एक्टिव केस 6537 घटे हैं। अब एक्टिव केस 61698 हैं। अब राज्य में कुल मरीजों का आंकड़ा 369686 पहुंच गया है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस की जांच में और तेजी लाई गई है। पिछले चौबीस घंटों में प्रदेश में रिकॉर्ड 1,65,565 लोगों की कोरोना जांच की गई और इनमें से 5,234 लोग ही संक्रमित पाए गए। यानी जितने लोगों की जांच हुई उनमें से सिर्फ 1.41 फीसद लोग ही संक्रमित मिले। अब राज्य में कुल मरीजों का आंकड़ा 3,69,686 पहुंच गया है। वहीं बीते 24 घंटे में 6,506 रोगी स्वस्थ हुए और अब तक 3,02,689 रोगी ठीक हो चुके हैं। अब रिकवरी रेट बढ़कर 81.88 फीसद हो गया है।
उत्तर प्रदेश में लगातार छठे दिन नए मिले मरीजों के मुकाबले ज्यादा रोगियों के स्वस्थ होने से एक्टिव केस 6,537 घटे हैं। अब एक्टिव केस 61,698 हैं। उधर, 87 और लोगों की मौत के साथ अभी तक यह खतरनाक वायरस कुल 5,299 लोगों की जान ले चुका है। वहीं कोरोना के वर्तमान में 61,698 रोगियों में से 31,791 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। यानी 51.5 फीसद मरीज घर पर रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। वहीं प्राइवेट अस्पताल में 3,517 रोगी इलाज करवा रहे हैं, होटल में 196 मरीज आइसोलेट हैं। बाकी 26,194 रोगी कोविड -19 के सरकारी अस्पतालों में उपचार करवा रहे हैं। प्रदेश में अब तक 89,92,424 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इस महीने यह आंकड़ा एक करोड़ पहुंचाने की तैयारी है।
ई-संजीवनी पोर्टल से 92 हजार लोगों ने लिया परामर्श : उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 2,380 लोगों ने ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया। अभी तक कुल 92,928 लोग इस पोर्टल की मदद से डॉक्टरों से परामर्श ले चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह इस पोर्टल का अधिक से अधिक प्रयोग करें।