UP Weather Update: सावन के स्वागत को जुटने लगे मेघ, अगले तीन-चार दिन जारी रहेगा बारिश का दौर
प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। यानी वीकेंड पर लोग रिमझिम बारिश का मजा ले सकेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। इंतजार खत्म हुआ। सावन के स्वागत के लिए आसमान में मेघ जुटने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिन प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। यानी वीकेंड पर लोग रिमझिम बारिश का मजा ले सकेंगे। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि मॉनसून ने फिर जोर पकड़ा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से होकर जहां मानसून की ट्रफ लाइन गुजर रही है। वहीं एक सरकुलेशन भी बना हुआ है जिसके चलते उत्तर प्रदेश में बारिश फिलहाल जारी रहेगी।
शुक्रवार को राजधानी में सुबह से जबरदस्त उमस थी। दोपहर बाद बादल छा गए। वहीं कुछ स्थानों पर बौछारें भी पड़ीं। इसके चलते मौसम सुहावना हो गया। लंबे समय के बाद शाम को ठंडी हवा के झोंकों ने लोगों का तन मन खुश कर दिया। शनिवार को राजधानी सहित पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल रहेंगे। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अगले तीन-चार दिन मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है। ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हों तो अपने साथ छतरी अवश्य रखें। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक 29 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ। शहर में 2.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।