निजीकरण व निगमीकरण के विरोध में रेल कर्मियों ने निकाली वाहन रैली, आज निकलेगा मशाल जुलूस
निजीकरण व निगमीकरण के विरोध में रेल कर्मियों ने उठाई आवाज रेल कर्मचारियों ने रेलवे कालोनियों में निकाली दो पहिया वाहन रैली।
लखनऊ, जेएनएन। निजीकरण और निगमीकरण की आवाज बुलंद होती जा रही है। लखनऊ में हजारों रेल कर्मियों ने आल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन के आह्वान पर दो पहिया वाहन रैली निकालर विरोध जताया। वहीं इससे पहले नार्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन, लखनऊ मंडल द्वारा आयोजित वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार की शुरुआत करते हुए आल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र ने कहा कि रेलवे में अभी पांच प्रतिशत गाड़ियां निजी हाथों में सौंपने की बात कह कर रेल मंत्रालय ने रेल कर्मचारियों को उद्धेलित कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब इसके विरोध में रेल कर्मियों ने आरपार की लड़ाई का मूड बना लिया है। वहीं विरोध में आज रेल कर्मी मशाल जुलूस निकालेंगे।
गुरुवार को जन जागरण सप्ताह के चौथे दिन आयोजित वेबिनार दैनिक यात्री संघ के प्रतिनिधि एसएस. उप्पल, वरिष्ठ विचारक डॉ. प्रदीप शर्मा के अतिरिक्त मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, मंडल मंत्री आरके पाण्डेय ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। वेबिनार के पश्चात यूनियन कार्यालय चारबाग से वाणिज्य शाखा मंत्री विभूति मिश्र एवं इंजीनियरिंग पी.वे. शाखा मंत्री रूपेश यादव के नेतृत्व में तमाम साथियों एवं रेल कर्मचारियों द्वारा आयोजित मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखा कर मंडल मंत्री आर.के पाण्डेय ने रवाना किया। सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए रेल कर्मी रेलवे कालोनी सेवा ग्राम, बरहा रेलवे कॉलोनी, आलमबाग स्थित स्लीपर हट रेलवे कॉलोनी, एल.डी. क्वार्टर्स होते हुए रैली निकाली और निजीकरण व निगमीकरण के विरोध में आवाजा उठाई। उधर यूनियन की सिकलाइन शाखा, विद्युत शाखा, इंजीनियरिंग वर्क्स शाखा तथा परिचालन शाखा द्वारा भी मोटरसाइकिल रैली निकाल कर जनसंपर्क किया गया। लखनऊ मंडल के अतिरिक्त कारखाना, ब्रिज मंडल एवं लेखा मंडल द्वारा भी मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया।
वहीं वेबिनार में यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष एस. यू. शाह, केन्द्रीय कोषाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, सहायक महामंत्री प्रीति सिंह सहित भारी संख्या में मंडलीय एवं शाखा पदाधिकारी भी उपस्थित थे।