प्रापर्टी डीलर पर बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग, सीने में धंसी गोली- हालत गंभीर Sultanpur News
सुल्तानपुर के कुड़वार थानाक्षेत्र के रूपापुर का मामला। घर से करीब 500 मीटर पहले बोलेरो सवार प्रापर्टी डीलर पर हमला दो बाइक सवार चार बदमाशों ने की फायरिंग।
सुल्तानपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में दो बाइक सवार बदमाशों ने रविवार को एक प्रापर्टी डीलर का निशाना बनाया। बोलेरो सवार प्रापर्टी डीलर अपने घर जा रहा था। करीब 500 मीटर पहले बाइक सवार बदमाशों ने बोलेरो को घेर लिया। ओवरटेक कर प्रापर्टी डीलर को गोली मार भाग निकले। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
ये है पूरा मामला
मामला कुड़वार थानाक्षेत्र के रूपापुर का है। यहां करीब आठ बजे प्रापर्टी डीलर नागेन्द्र सिंह (35)पुत्र भगवान सिंह अपनी बोलेरो गाड़ी से घर जा रहे थे। करीब 500 मीटर पहले पीछे से दो बाइक से चार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर फायर शुरू कर दिया। घटना में एक गोली नागेन्द्र के सीने में लगी और बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
गाड़ी के शीशे पर गोलियों के निशान पाए गए हैं। घायल प्रापर्टी डीलर की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व में भी प्रापर्टी डीलर पर हमले की कोशिश हुई थी। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।