उत्तर प्रदेश में 18 से संसदीय क्षेत्र का दौरा करेंगे प्रियंका गांधी व ज्योतिरादित्य सिंधिया
लखनऊ में चार दिन प्रवास के दौरान प्रियंका व ज्योतिरादित्य सभी 80 संसदीय क्षेत्रों की प्रारंभिक समीक्षा करेंगे। इसके बाद प्रियंका व ज्योतिरादित्य अपने क्षेत्रों को मथने निकल जाएंगे।
लखनऊ, जेएनएन। सक्रिय राजनीति में कदम रखते ही प्रियंका गांधी वाड्रा बेहद सक्रिय हो गई हैं। उनके साथ ही पार्टी के दूसरे महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया आज से लखनऊ में अपने चार दिन के प्रवास पर लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा करेंगे।
लखनऊ में चार दिन प्रवास के दौरान प्रियंका व ज्योतिरादित्य सभी अस्सी संसदीय क्षेत्रों की प्रारंभिक समीक्षा करेंगे। इसके बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने-अपने क्षेत्रों को मथने निकल जाएंगे। 18 फरवरी से शुरू होने वाले प्रथम चरण में 22 सीटों को चिन्हित किया गया है।
पूर्वी जिलों की प्रभारी प्रियंका गांधी को 42 और पश्चिमी जिलों के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया को 38 सीटें आवंटित की गई हैं। प्रियंका का दौरा मोहनलालगंज से प्रस्तावित है तो सिंधिया हापुड़ से शुरुआत कर सकते हैं। यह दोनों नेता अपने दौरे में एक दिन में तीन से चार संसदीय क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से संपर्क-संवाद किया जाएगा। इस बीच छोटी बड़ी नुक्कड़ जनसभाएं भी प्रस्तावित हैं।
छोटे दलों से गठबंधन भी संभव
सपा बसपा के गठबंधन से अलग होने के बाद कांग्रेस अपने बूते ही चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में है। कांग्रेस 2022 में प्रदेश में सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर भी मैदान में उतरेगी। कांग्रेस अपने साथ स्थानीय छोटे दलों को भी लेकर विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। विभिन्न संगठनों को जोडऩे के बारे में विचार किया जा रहा है। मिशन यूपी कामयाब बनाने को विभिन्न प्रदेशों के नेताओं को भी लगाया जा रहा है। यहां पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक व कृपाशंकर भी डेरा डाले हैं।