पीएम नरेंद्र मोदी आज लॉकडाउन अवधि में भाजपा संगठन के सेवा कार्यों की करेंगे समीक्षा
लॉकडाउन अवधि में भाजपा संगठन द्वारा किए गए सेवा कार्यों की आनलाइन समीक्षा शनिवार को शाम चार बजे दिल्ली कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को शाम चार बजे दिल्ली कार्यालय से लॉकडाउन अवधि में भाजपा संगठन के सेवा कार्यों की आनलाइन समीक्षा करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ.दिनेश शर्मा भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल इस दौरान प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए कार्याें का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
यूपी भाजपा के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि करोना आपदा काल की शुरुआत से ही पार्टी कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सेवा कार्यों में निरंतर जुटे हैं। इस दौरान भोजन पैकेट के साथ राशन किट वितरित की गई, जबकि मास्क, सैनिटाइजर, फेस कवर, चप्पल, दवाएं व अन्य जरूरत का सामान भी लोगों को उपलब्ध कराया गया। साथ ही पीएम केयर फंड में योगदान के लिए लोगों को प्रेरित किया और संक्रमण से बचाव के लिए फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराने का अभियान भी चलाया गया।
मनीष दीक्षित ने बताया कि संक्रमण बचाव के नियमों का पालन करते हुए कोरोना योद्धाओं का सहयोग के साथ सम्मान भी किया गया। दीक्षित ने बताया कि पार्टी कार्यालय से शनिवार को सायं चार बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग से प्रस्तुतीकरण से लाखों कार्यकर्ताओं को भी डिजिटल माध्यमों से जोड़ा जाएगा, जिसकी तैयारी पूरी हो चुकी है।