Air Pollution in UP: लखनऊ में 24 घंटे बाद फिर बढ़ा प्रदूषण, गाजियाबाद टॉप पर
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में फिलहाल बारिश के अभी आसार नहीं हैं। हवा भी धीमी चल रही है। ऐसे में वातावरण में प्रदूषित कण छाए हुए हैं। शहर में पिछले कई दिनों से छाई धुंध की वजह से प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। रविवार को प्रदूषण के स्तर में थोड़ा सुधार हुआ था, लेकिन सोमवार को फिर से एक्यूआइ में इजाफा हुआ है। शहर में 24 घंटे बाद फिर वायुप्रदूषण खतरनाक स्तर पर हो गया है। सोमवार को एयर क्वाॅलिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 398 दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं राज्य में उत्तरी-पश्चिमी हवा चल रही हैं। पहाड़ों की ओर से आ रहीं ये हवा सुबह-शाम ठंड बढ़ा और बढ़ाएंगी। राजधानी में दिन में धुंध छायी रही। वहीं शाम से ही कोहरा पड़ने लगा। धुंध के चलते सांस रोगियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने मास्क लगाकर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। यह प्रदूषण के साथ-साथ कोरोना से भी बचाव करेगा।
गाजियाबाद-नोएडा में प्रदूषण भयावह
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक गाजियाबाद में सबसे अधिक प्रदूषण रहा। यहां एक्यूआइ 438 रिकॉर्ड किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा का एक्यूआइ 422, नोएडा का एक्यूआइ 422 रहा। कानपुर का एक्यूआइ 406 रहा। यहां भी प्रदूषण का प्रकोप लगातार बना हुआ है। बुलंदशहर का एक्यूआइ 417 दर्ज किया गया। दिल्ली का एक्यूआइ 400 दर्ज किया गया।
शहर में यूं रहा एक्यूआइ
- तीन दिसंबर-420
- चार दिसंबर-441
- पांच दिसंबर-414
- छह दिसंबर-366
- सात दिसंबर-398