अब प्रधानमंत्री मोदी का कुंभनगर दौरा, संगठन और सरकार की तैयारियां तेज
लोकसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा संगठन और सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रमों का सिलसिला चल रहा है।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा संगठन और सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रमों का सिलसिला चल रहा है। मोदी का कुंभ में अब 24 फरवरी को कार्यक्रम बन रहा है। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। पुलिस, पैरामिलिट्री के साथ विभिन्न विभागों के अफसरों व कर्मियों की भी छुट्टियां रद कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुंभ शुरू होने के पहले 16 दिसंबर 2018 को संगम नगरी आए थे। उन्होंने कुंभ के सफल और सकुशल आयोजन के लिए त्रिवेणी का दर्शन-पूजन और महाआरती की थी।
बड़ी परियोजनाओं की सौगात संभव
अब 24 जनवरी को उनके आने का कार्यक्रम बन रहा है। इसके लिए वाराणसी में उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता भी की। कुंभ मेला में तैनात कई अधिकारियों को वाराणसी बुलाया गया था। मुख्यमंत्री की ओर से अधिकारियों को तैयारी करने के निर्देश मिले हैं। अपने संसदीय क्षेत्र में बड़ी परियोजनाओं की सौगात देने के बाद अब मोदी रविवार को गोरखपुर में किसानों से सीधा संवाद करेंगे जबकि शनिवार को ही अमित शाह भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ करेंगे। 26 फरवरी को शाह गाजीपुर में कमल दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। 27 को मोदी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के क्षेत्र अमेठी में भी शंखनाद हो सकता है।
कांग्रेस का पूर्वी संभाग पर कड़ा मोर्चा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पूर्वी संभाग का मोर्चा संभाल लिया है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर में उनका दौरा प्रस्तावित है। इन क्षेत्रों का प्रभार भी प्रियंका को ही मिला है। इस बीच भाजपा ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपना अभियान तेज कर दिया है। 23 और 24 फरवरी को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन में पहले दिन शाह और दूसरे दिन मोदी रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में 27 फरवरी को मोदी की सभा प्रस्तावित है।
स्मृति ईरानी पांच वर्ष से सक्रिय
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी में पिछले पांच वर्ष से सक्रिय हैं और वह लगातार कार्यक्रम आयोजित करती रही हैं। मोदी का दौरा कई मायने में महत्वपूर्ण है। कांग्रेस अध्यक्ष के गढ़ में जाकर वह न केवल विकास की कसौटी पर मूल्यांकन करेंगे बल्कि प्रियंका गांधी की चमक फीकी करने की भी पहल करेंगे। मोदी 28 फरवरी को नमो एप के जरिये बूथ अध्यक्षों से सीधा संवाद भी करेंगे। इस बीच 26 फरवरी को अमित शाह का गाजीपुर का दौरा प्रस्तावित है। अभी उत्तर प्रदेश में लाभार्थियों से संपर्क अभियान चल रहा है। 26 को शाह वाराणसी से जलमार्ग से चलकर गाजीपुर पहुंचेंगे और दीप प्रज्ज्वलित कर कमल की ज्योति तेज करेंगे।