शादी का झांसा देकर 5 साल तक करता रहा यौन शोषण, कई बार कराया गर्भपात
युवती ने आरोपित पर कई बार उसका गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। पांच साल तक उसने लिव इन रिलेशनशिप में भी रखा।
लखनऊ, जेएनएन। शादी का झांसा देकर एक निजी कंपनी कर्मचारी विशाल यादव ने पांच साल तक युवती का यौन शोषण किया। युवती के द्वारा शादी का दबाव बनाने पर उसे मारपीट कर भगा दिया। युवती ने आरोपित पर कई बार उसका गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर महानगर अशोक कुमार सिंह के मुताबिक, क्षेत्र में रहने वाली एक युवती निजी कंपनी में नौकरी करती है। युवती के मुताबिक एक अन्य कंपनी में नौकरी करने वाले विशाल यादव ने करीब छह साल पहले उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर करीब पांच साल तक उसने लिव इन रिलेशनशिप में भी रखा। इस दौरान वह यौन शोषण करता रहा। युवती जब शादी का दबाव बनाए तो वह टाल मटोल करने लगा। इस दौरान वह गर्भवती हो गई।
आरोपित विशाल ने बहला-फुसलाकर कर गर्भपात करा दिया। इसके बाद शादी करने से भी मना कर दिया और मारपीट कर घर से भगा दिया। युवती ने मामले की शिकायत महानगर पुलिस से की और तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।