गोंडा में 10 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
गोंडा में एक 10 वर्षीय बालिका के साथ युवक ने किया दुष्कर्म पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज।
गोंडा, जेएनएन। घर से सामान लेने गई 10 वर्षीय बालिका के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया। घर लौटने पर पीड़िता ने मामले की जानकारी परिवारजनों को दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने दुष्कर्म सहित पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की शाम बालिका दुकान पर सामान लेने गई थी। रास्ते में ही गांव निवासी अनंतराम उर्फ अर्जुन उसे बहला फुसलाकर अपने घर लेकर चला गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।घर पहुंची बालिका की हालत देख परिवारजनों ने उससे जानकारी ली। साथ ही उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां महिला डॉक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म होने की जानकारी दी।पीड़िता के पिता की तहरीर पर घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित की उम्र लगभग 18 वर्ष है। उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।