गोंडा में रेलकर्मी पर किशोरी संग दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार
गोंडा के बड़गांव में एक रेलकर्मी पर किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा पुलिस ने किया गिरफ्तार।
गोंडा, जेएनएन। नगर कोतवाली के एक कालोनी में किशोरी से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है।पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
नगर कोतवाली के बड़गांव पुलिस चौकी क्षेत्र में रेलवे में गेटमैन के पद पर कार्यरत एक कर्मी ने प्रलोभन देकर पड़ोस में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी के साथ गत माह दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। नगर कोतवाल आलोक राव ने बताया कि आरोपित रेलवे कर्मी धनीराम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार के मुताबिक किशोरी का घर रेल कर्मी के बगल है। उसका पिता बाहर रहता है, मां दूसरे के घर में काम करती है। मां के जाने के बाद रेल कर्मी बालिका के साथ दुष्कर्म करता था। बुधवार को पीड़िता ने मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद गुरुवार को पूरा मामला सामने आया। तहरीर मिलने के बाद इस मामले में कार्रवाई की गई है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।