जनेश्वर मिश्र पार्क में तिरंगे के अपमान पर भड़के कॉलोनी वासी, करेंगे आंदोलन
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित जनेश्वर पार्क में झंडा न लगने को लेकर कॉलोनी वासी करेंगे बड़ा आंदोलन।
लखनऊ, जेएनएन। जनेश्वर पार्क में दो माह से तिरंगा न फहराए जाने को लेकर कॉलोनी वासियों ने प्रदर्शन किया।यहां शाम को तिरंगे के स्तंभ के नीचे खड़े होकर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए लोगों ने गोमती नगर विस्तार महासमिति के बैनर तले लोग जुटे। इन लोगों ने एलडीए प्रशासन की लापरवाही और अफसरों की अनदेखी को लेकर नाराजगी जताई।
कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि अनदेखी की इंतिहा करते हुए एलडीए के अफसर तिरंगा झंडा नहीं फहरा रहे हैं। जिससे ध्वज का अपमान हो रहा है। लोगों की भावनाएं आहत हैं। लोगों का कहना है कि अब वे और बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।जनेश्वर पार्क में पिछले करीब दो माह से तिरंगा झंडा नहींं फहराया गया है। जिसको लेकर जागरण ने अपने मंगलवार के अंक में समाचार प्रकाशित किया था। जिसके बाद में स्थानीय लोगों नेे इसको आंदोलन का रूप दे दिया है। वे बुधवार की शाम को यहां तिरंगे झंडे के खाली स्तंभ के नीचे जमा हुए और उन्होंने हाथ में तिरंगा झंडा लेकर प्रदर्शन किया। गोमती नगर विस्तार महासमिति के बैनर तले ये प्र्रदर्शन किया गया। जिसमें उमाशंकर दुबे, रामकुमार यादव के अतिरिक्त अन्य लोग भी पहुंचे।
झंडा फहराने के लिए बुलाए गए कंपनी के लोग
मशहूर बिजली उपकरण निर्माण कंपनी नेे इस ध्वज को पार्क में लगाया था। समाचार प्रकाशन के बाद प्राधिकरण के अफसर यहां पहुंचे और निर्माणकर्ता कंपनी के प्रतिनिधियों को भी बुलवाया गया। बहुत जल्द ही मरम्मत का काम हो जाएगा।