Corona Curfew in Lucknow: लखनऊ में खुद को घरों में बन्द कर कोरोना कर्फ्यू का हो रहा पालन, सड़कों पर सन्नाटा
कोरोना कर्फ्यू में केवल इमरजेंसी में घर से बाहर निकले लोग सोमवार सुबह सात बजे तक रहेगी बंदी। बेवजह निकलने वालों के खिलाफ हुई कार्रवाई काटा गया चालान। इस दौरान कोविड टीकाकरण के लिए निकलने वालों को राहत दी गई।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए साप्ताहिक बंदी की गई है। शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। शनिवार को लोगों ने खुद से कोरोना कर्फ्यू का पालन किया और घर से नहीं निकले। खास बात यह है कि आवश्यक सेवाओं की दुकान भी कम ही खुलीं और पुलिस को सख्ती नहीं करनी पड़ी।
इमरजेंसी में ही लोग घरों से बाहर निकले। इस दौरान कोविड टीकाकरण के लिए निकलने वालों को राहत दी गई। यही नहीं, आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारियों को भी किसी प्रकार की समस्या नहीं आई। दवा, राशन और सब्जी की दुकानें खुली रहीं। हालांकि बड़े स्टोर, शापिंग मॉल और स्टोर पूरी तरह बंद रहे। बंदी के दौरान दुबग्गा और सीतापुर रोड स्थित नवीन मंडी खुली रही। इस दौरान सार्वजनिक परिवहन वाहन संचालित नहीं हुए। वहीं, 50 फीसद क्षमता के साथ रोडवेज बसें चलाई गईं। सोमवार की सुबह सात बजे तक कोविड नियमों का अनुपालन करते हुए 50 फीसद यात्रियों की संख्या के साथ बसों का संचालन किया जाएगा। पुलिस ने बिना काम के घर से निकलने वालों के खिलाफ सख्ती भी की। बिना मास्क के निकले लोगों के चालान काटे गए। नगर निगम ने किया सेनिटाइजेशननगर निगम की टीम ने अलग अलग इलाकों में सेनिटाइजेशन का काम कराया। अभियान चलाकर कंटेंटमेंट जोन व उसके आसपास के इलाकों को सेनिटाइज किया गया।
इस दौरान बाजारों में भी अभियान चलाकर सेनिटाइज का काम हुआ, यह कार्यवाही रविवार को भी जारी रहेगी। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने अलग अलग इलाकों का निरीक्षण कर संक्रमण फैलने से रोकने के लिए दिशानिर्देश दिए। कोरोना कर्फ्यू के दौरान मीडियाकर्मियों के आवागमन की अनुमति दी गई है। इसके अलावा सब्जी, फल, मेडिकल स्टोर समेत अन्य जरूरी सामानों के विक्रेताओं को आने जाने में कोई समस्या नहीं हुई।