Power Crises : BRD अस्पताल में घंटों बिजली गुल, ऑपरेशन-जांच ठप
Power Crises जनरेटर ने भी दिया दगा इनवर्टर से चलाया काम।
लखनऊ, जेएनएन। भाऊराव देवरस अस्पताल (बीआरडी) में तड़के बिजली गुल हो गई। वहीं, जनरेटर भी दग गया। ऐसे में वाडों में अंधेरा छा गया। कुछ जगह इन्वर्टर चलाकर काम चलाया गया। ऑपरेशन से लेकर जांच तक घंटों बाधित रही।
महानगर स्थित बीआरडी अस्पताल सौ बेड का है। वर्तमान में 70 बेड का संचालन हो रहा है। यहां शनिवार तड़के तीन बजे बिजली गुल हो गई। ऐसे में अस्पताल परिरसर, वार्ड में अंधेरा छा गया। मरीज-परिवारजनों ने हंगामा किया। इसके बाद स्टाफ को जनरेटर चलाने के निर्देश दिए गए। परिजन सुरेश, नीलम के मुताबिक, अस्पताल का जनरेटर नहीं चला। ऐसे में इन्वर्टर से कुछ जगह रोशनी की गई। मगर, पंखें बंद रहे। ऐसे में वार्ड में भर्ती मरीज बेहाल रहे। उधर, सुबह आठ बजे से मरीजों का आना शुरू हुआ। पंजीकरण किया गया। मगर, दस बजे तक अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे जांचें ठप रहीं। मरीजों की जांच न होने पर कर्मचारियों से कहासुनी हुई। दस बजे के बाद विद्युत आपूर्ति शुरू हो सकी। इस दौरान ट्रांसफॉर्मर के साथ-साथ अंदर तक की केबल सही की गई। वहीं ऑपरेशन भी शनिवार को ठप रहे। अस्पताल में हर रोज दो से तीन ऑपरेशन होते हैं।
मरीज में कोरोना, सैनिटाइज किया
अस्पताल में तीन दिन पहले भर्ती मरीज की शुक्रवार शाम को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। ऐसे में उसे कोविड अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। वहीं मरीज की खून का सैंपल लैब जांच के लिए गया था। इसके अलावा मरीज व परिजन भी कई क्षेत्रों में अस्पताल के गए थे। लिहाजा, लैब व अन्य तलों को सैनिटाइज किया गया। अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरसी सिंह ने कहा कि टांसफॉर्मर के पास फॉल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इंवर्टर चल रहे थे। बिजली सही होते ही अस्पताल आए सभी मरीजों की जांच की गई। कोई वापस नहीं किया गया।