लखनऊ : संदिग्ध परिस्थितियों में महिला समेत दो की मौत, हत्या का आरोप
लखनऊ के हजरतगंज और तालकटोरा क्षेत्र दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत परिवारीजनों ने लगाया हत्या का आरोप। महिला के पति के मुताबिक दीवाली की रात उसकी पत्नी बाथरूम में फिसलकर गिर गई। उसके सिर पर चोट आई थी। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लखनऊ, जेएनएन। हजरततगंज के मल्लापुर में शनिवार रात संदिग्ध हालात में श्वेता (21) की मौत हो गई। श्वेता के पिता ने उनके पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, तालकटोरा क्षेत्र में रानी लक्ष्मी बाई हॉस्पिटल के पास रेलवे ट्राक पर करन (24) का रविवार दोपहर शव पड़ा मिला। करन की मां ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
हजरतगंज मल्लापुर निवासी विशाल ने चार साल पहले हुसैनगंज के भीमनगर में रहने वाली श्वेता से प्रेम विवाह किया था। दीवाली के दिन श्वेता की मौत हो गई। श्वेता के पिता सुरेश ने विशाल पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। विशाल के मुताबिक दीवाली की रात श्वेता बाथरूम में फिसलकर गिर गई। उसके सिर पर चोट आई थी। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, सुरेश ने बताया कि रात विशाल ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि श्वेता की तबियत खराब है। उसे सिविल में भर्ती कराया गया है। वह भागकर सिविल पहुंचे तो श्वेता उन्हें मृत अवस्था में मिली। सुरेश ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर विशाल ने बेटी की हत्या कर दी। उधर, तालकटोरा क्षेत्र में रानी लक्ष्मी बाई हॉस्पिटल के सामने रेलवे ट्रैक पर रविवार दोपहर करन (24) का शव पड़ा मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि सूचना पर पहुंचे करन के परिवार वालों ने शव की शिनाख्त की। करन की मां ने बताया कि दोपहर बेटा घर से निकला था। किसी ने बेटे की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। करन की मां ने बेटे की मौत की जांच की मांग की है।