BBD छात्र हत्याकांड : एक और आरोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे, निशानदेही पर चार अन्य की तलाश
BBD छात्र हत्याकांड मुख्य हत्यारोपित अर्पण सहित चार अब भी फरार। गुरुवार को सरेआम चाकुओं से गोदकर हुई थी छात्र की हत्या।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में बीबीडी कॉलेज के छात्र की हुई नृशंस हत्या मामले में पुलिस ने शनिवार को एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हत्यारोपित की निशानदेही पर बाकी फरार चार अन्य की हत्यारोपियों की तलाश में लगी है। बता दें, इससे पहले हत्याकांड में शुक्रवार को पूर्व बसपा विधायक शमशेर बहादुर के बेटा अमन बहादुर साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मृत बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था।
ये है पूरा मामला
ताबड़तोड़ दबिश में पुलिस ने शनिवार को विकासनगर का रहने वाले अभिषेक पांडेय को गिरफ्तार किया है। अभी मुख्य हत्यारोपित अर्पण सहित चार अन्य की तलाश में लगी है। बीती गुरुवार को मूल रूप से वाराणसी निवासी प्रशांत सिंह की चाकुओं से गोदकर उस समय हत्या कर दी गई थी। जब वह मित्र आलोक के जन्मदिन पार्टी के लिए मुंह बोली बहन को लेने गोमतीनगर विस्तार के अलकनंदा अपार्टमेंट पहुंचा था। इस मामले में आलोक ने मुख्य आरोपी अर्पण के अलावा पांच अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। सीसीटीवी फुटेज से हत्यारोपियों की पहचान अर्पण उर्फ टाइगर के अलावा विमल सिंह, अब्दुल गनी खान, अंजनी यादव, अभिषेक पांडेय और हार्दिक के रूप में हुई थी। इस बीच मोबाइल कॉल के आधार पर पुलिस ने प्रशांत सिंह की हत्या की साजिश रचने वाले अमन बहादुर को गिरफ्तार किया था।
बुधवार रात सफेदाबाद के एक होटल में प्रशांत सिंह और अर्पण के बीच हुई मारपीट के बाद अमन बहादुर ने ही हत्या की योजना बनायी थी। गोमती नगर पुलिस ने शनिवार को विकासनगर निवासी अभिषेक पांडेय को भी गिरफ्तार किया। अभिषेक पांडेय बीबीडी में प्रथम वर्ष का छात्र है। गोमतीनगर इंस्पेक्टर अमित कुमार दुबे ने बताया कि बुधवार रात की पार्टी में जूनियर और सीनियर के बीच विवाद हो गया था। प्रशांत सिंह सीनियर गु्रप का जबकि अर्पण शुक्ल जूनियर ग्रुप का था। अर्पण शुक्ल पर प्रशांत के साथियों ने शराब की बोतल फोड़ दी थी। जिसके बाद बदला लेने के लिए अर्पण के साथियों ने अमन बहादुर के साथ मिलकर प्रशांत की हत्या की साजिश रची। अमन बहादुर एलएलएम कर रहा है। पुलिस के मुताबिक आलोक की बर्थडे पार्टी में अमन के भी मौजूद होने की पुष्टि हुई है। कालिका हट रेस्त्रां में दोनों पक्षों में मारपीट की फुटेज मिली है।
साथियों से करायी पहचान
गोमती नगर पुलिस ने हत्यारोपी अभिषेक पांडेय को गिरफ्तार करने के बाद प्रशांत सिंह के साथियों आलोक यादव, शुभय मिश्र और विकास सिंह से उसकी पहचान करायी। गोमतीनगर इंस्पेक्टर के मुताबिक सीसीटीवी में अभिषेक सफेद कमीज पहनकर प्रशांत पर हमला करते हुए दिख रहा है। उसने बताया है कि अमन बहादुर के साथ हत्या की साजिश रची गई थी। हत्या करने के बाद सभी ने अमन से मुलाकात की थी।