चारबाग स्टेशन पर आज से मिलेगी प्रीपेड ऑटो की सुविधा, यात्रियों को राहत Lucknow News
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार से मिलेंगे प्रीपेट ऑटो। यात्रियों को मिलेगी मनमाने किराए से राहत।
लखनऊ, जेएनएन। चारबाग रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों से अब मनमाना किराया ऑटो चालक नहीं वसूल सकेंगे। जीआरपी शुक्रवार को प्रीपेड ऑटो सेवा की शुरुआत करेगी। जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
चारबाग स्टेशन आने वाले यात्रियों के लिए पूर्व में प्रीपेड व्यवस्था को जीआरपी ने समाप्त कर दिया था। इससे यहां पर ऑटो चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूलते थे। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता था।
लगाई गई लिस्ट
चारबाग रेलवे स्टेशन जीआरपी प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग से ऑटो का किराया तय कर दिया गया है। उसकी लिस्ट बूथ पर लगा दी जाएगी। जितना किराया होगा उतना ही यात्रियों को देना होगा। साथ ही यात्री जब गंतव्य पर पहुंचकर अपनी पर्ची साइन करके चालक को लौटाएंगे तो उसे लाकर वह बूथ पर जमा करेगा। इसके बाद ही चालक को जीआरपी में जमा किए गए किराए का भुगतान किया जाएगा।