UP Chunav 2022: यूपी विधानसभा के उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने दिया इस्तीफा, भाजपा में होंगे शामिल
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 विधानसभा के उपाध्यक्ष समेत सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद नितिन अग्रवाल ने मोदी और योगी की जमकर तारीफ की। कहा उनके विजन से देश और प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है।
लखनऊ, जेएनएन। सदर विधायक व विधान सभा उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने बुधवार को अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। सुगबुगाहट शुरू होते ही नितिन अग्रवाल ने खुद असमंजस दूर किया। उन्होंने कहा कि सपा की प्राथमिक सदस्यता, विधायक और विधान सभा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। विधिवत भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं और पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी उसका वह निर्वहन करेंगे।
पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल के पुत्र नितिन अग्रवाल ने 2017 का विधान सभा चुनाव सपा से ही जीता था। कुछ ही समय बाद उनके पिता नरेश अग्रवाल भाजपा में चले गए। नितिन अग्रवाल ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के प्रति निष्ठा जताते हुए बता दिया था कि अब वह भाजपा में हैं, जिसके बाद से वह भाजपा के ही मंच पर रहे। हाल में ही उन्हें भाजपा ने विधानसभा उपाध्यक्ष भी बनवाया था, हालांकि तकनीकी रूप से वह सपा में ही थे और उसी के चलते वह उपाध्यक्ष के पद पर आसीन हुए।
विधान सभा चुनाव के एलान के बाद हालात को देखते हुए बहुत सी चर्चाएं चल रही थीं और उन्हीं के बीच बुधवार को नितिन अग्रवाल के सभी पदों से इस्तीफा देने की खबर आई तो हरदोई क्या एक बार तो पूरे प्रदेश में ही चर्चा फैल गई। हर कोई गणित लगाने लगा, लेकिन नितिन अग्रवाल ने साफ कर दिया कि उन्होंने सपा की सदस्यता, विधायक और विधान सभा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। दैनिक जागरण से हुई वार्ता में नितिन अग्रवाल ने बताया कि अभी तक वह सपा के सदस्य थे। प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए विधायकी छोड़ी है। इस्तीफा देने के बाद पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के विजन की जमकर तारीफ की।
नितिन अग्रवाल ने कहा कि मोदी और योगी का जो विजन है उससे देश और प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। मैं राष्ट्रवादी हूं और मैंने राजनीति हमेशा अपने क्षेत्र के विकास के लिए की है। कहा, उनके विजन से समाज का हर वर्ग लाभांवित हो रहा है। केंद्र और प्रदेश की मोदी और योगी सरकार हर वर्ग चाहे वो दलित हो, शोषित हो, चाहे पिछड़ा हो कोई भी वर्ग हो उसको योजना का लाभ दे रही है। इससे समाज आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी और सीएम योगी के विजन से प्रेरित होकर मैंने समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।
यह भी देखें : UP Chunav 2022: नितिन अग्रवाल के इस्तीफे से गरमाया सियासी माहौल, भाजपा में होंगे शामिल
बता दें कि हरदोई सदर की सीट से 2017 में सपा के टिकट पर चुनाव जीते। इनके पिता नरेश अग्रवाल इस सीट से सात बार विधायक रह चुके हैं। नितिन अग्रवाल पहली बार 2008 में अपने पिता के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। उसके बाद पिता के साथ सपा में शामिल हो गए। 2012 में सपा के टिकट पर विधायक बने। 2017 में सत्ता बदली तो पिता नरेश अग्रवाल 2018 में बीजेपी में शामिल हो गए।