कानपुर में मेट्रो स्टेशन बनाने के लिए आगे आईं नौ कंपनियां Lucknow News
आइआइटी कानपुर और मोतीझील के बीच बनाए जाएंगे नौ मेट्रो स्टेशन। कानपुर मेट्रो स्टेशन बनाने के लिए नौ कंपनियां सामने आईं।
लखनऊ, जेएनएन। कानपुर में मेट्रो स्टेशन बनाने के लिए नौ कंपनियों ने रुचि दिखाई है। लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा 19 जुलाई तक कानपुर मेट्रो के टेंडर फॉर्म बेचे गए थे। अब 28 जुलाई को टेक्निकल टेंडर खोले जाने हैं और पंद्रह दिन के भीतर फाइनेंशियल बिड भी खोल दी जाएगी। इसके बाद कम रेट डालने वाली फर्म को टेंडर आंवटित कर दिया जाएगा। फिलहाल, जिन कंपनियों ने टेंडर फॉर्म खरीदे हैं, उनमें टाटा, जे कुमार, एलएंडटी, केईसी, एफकॉन सहित नौ कंपनियां शामिल हैं।
कानपुर में करीब 676 करोड़ की लागत से नौ एलीवेटड मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं। अक्टूबर 2019 में काम शुरू कर देने के निर्देश दिए गए हैं। मेट्रो अफसरों ने बताया कि दिसंबर 2021 तक 9.5 किमी रूट पर सिविल वर्क को पूरा करना है। फरवरी 2022 में मेट्रो चलाना है। 22 जुलाई को टेंडर खरीदने वाली फर्म की बैठक हुई। इसमें फर्म के प्रतिनिधियों ने कानपुर में काम के दौरान आने वाली कुछ चुनौतियों को लेकर अपनी बात रखी। इस पर मेट्रो प्रशासन ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन उनका कार्य के दौरान पूरा साथ देगा।
कानपुर में यहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन
आइआइटी कानपुर, कल्याणपुर रेलवे स्टेशन, एसपीएम हॉस्पिटल, कानपुर विवि, गुरुदेव चौराहा, गीता नगर, रावतपुर रेलवे स्टेशन, लाला राजपत राय अस्पताल और मोतीझील।