ढाई साल पहले रची थी हाथ में मेहंदी, एक डिमांड ने ली विवाहिता की जान-पति समेत पांच पर FIR
लखनऊ के मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला। आरोपित पति समेत पांच ससुरालीजन फरार। आग लगाकर जिंदा जलाकर मारने का आरोप सिविल अस्पताल में मौत।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में लॉकडाउन के बीच आपराधिक घटनाओं पर विराम नहीं लग पा रहा है। रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ढाई वर्ष पूर्व दुल्हन बनी विवाहिता के परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिये प्रताड़ित कर जिंदा जलाकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति समेत पांच ससुरालीजनों पर दहेज हत्या की एफआइआर दर्ज की है। सभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
ये है पूरा मामला
मामला मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ढेंढेमऊ गांव का है। यहां के निवासी चंद्रभान सिंह के बेटे राम सिंह के साथ ढाई वर्ष पूर्व गांव मुजफ्फरपुर सर्रा उन्नाव निवासी सर्वेश सिंह ने बेटी मौसमी सिंह (22) का विवाह हुआ था। मृतका के भाई आशीष सिंह के मुताबिक दहेज के लिए ससुरालीजन अक्सर उसे प्रताड़ित करते रहते थे। जिससे मौसमी काफी परेशान रहती थी। मौसमी के पति समेत अन्य ससुरालीजन दहेज में एक लाख रुपये नगद और अपाचे बाइक की मांग कर रहे थे। जिसको लेकर अक्सर पति-पत्नी में कहासुनी होती थी। आशीष सिंह कुछ दिन पहले अपने बहनोई को समझाने बुझाने ढेढेंमऊ आए थे। अपनी हैसियत के मुताबिक उन्होंने दहेज दिया था।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शनिवार रात पति ससुर, सास, ननद, देवर ने मिलकर मौसमी सिंह को आग के हवाले कर दिया। उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले गए, जहां देर रात उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला के भाई आशीष सिंह ने राम सिंह, चंद्रभान सिंह, सास, ननंद अंजू सिंह, देवर श्याम सिंह के खिलाफ मलिहाबाद कोतवाली में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाल मलिहाबाद सियाराम वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में टीम बनाकर दबिश दी जा रही है।